राजनीति

POLITICS;सीएम साय बोले-वेंटीलेटर पर चल रही कांग्रेस बहुत जल्दी देश के राजनीतिक नक्शे से विलुप्त होगी

0 राजधानी में भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने का संकल्प 0 रायपुर, दुर्ग एवं महासमुंद में भाजपा ने किया केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आज कांग्रेस पार्टी डूबती हुई नाव है। अब तो वह वेंटीलेटर पर चल रही है। बहुत जल्दी यह देश के राजनीतिक नक्शे से विलुप्त होने वाली है। श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 11 सीटों पर शानदार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

श्री साय मंगलवार को राजधानी में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में 54 सीटों और 46 प्रतिशत मत के साथ भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने अनथक परिश्रम किया और मतदाताओं ने “मोदी की गारंटी” पर भरोसा जताया है। रायपुर लोकसभा सीट पर भाजपा की 8 बार की जीत ने इस लोकसभा क्षेत्र को भाजपा का अभेद्य गढ़ बना दिया है। पिछली बार की तुलना में आगामी लोकसभा चुनाव में रायपुर की सीट हम 5 लाख से ज्यादा मतों से जिताने के लिए हम सब संकल्पित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कोई राजनीतिक दल और नेता मुकाबले में नहीं है। अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य तो किए ही हैं, साथ ही धारा 370 हटाने, तीन तलाक पर रोक लगाने, अयोध्या में प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने के वैचारिक पृष्ठभूमि के ऐतिहासिक और क्रांतिकारी फैसले भी लिए हैं। आज विश्व मंच पर श्री मोदी सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं की सूची में अव्वल हैं।

श्री साय ने प्रदेश में डेढ़ माह की अपनी सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा के संकल्पों और “मोदी की गारंटी“ पर तेजी से काम कर रही है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी, किसानों को दो साल के बकाया बोनस का भुगतान, 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के निर्माण की स्वीकृति, पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंपने जैसे फैसलों पर अमल किया गया है। इस बार धान की बम्पर खरीदी हो रही है और 1.30 लाख मीटरिक टन धान खरीदी के अनुमान के मुकाबले इस वर्ष अब 1.34 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी हो चुकी ही और अभी 1.50 लाख मीटरिक टन से अधिक धान खरीदी का अनुमान है। महतारी वंदन योजना के लिए भी राशि का प्रावधान हो चुका है और बहुत जल्दी प्रदेश की विवाहित महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू होगा। गरीब परिवार की महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर भी मिलना शुरू हो जाएगा। श्री साय ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार अपने सारे वादे पूरा करेगी और अब भाजपा कार्यकर्ता सीना ठोककर जनता के बीच जाएँ और भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए उन्हें प्रेरित करें।

प्रदेश के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस तरह प्रदेश का इतिहास बदला है, अब लोकसभा में भी सभी सीटों पर भाजपा को भारी बहुमत से जिताकर एक नया इतिहास रचना है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी को यह संदेश देंगे कि जिस तरह आपकी गारंटी पर हमने प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है, अब आपकी गारंटी पर हम सब मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सांसद सुनील सोनी ने आभार प्रदर्शन किया और रायपुर लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा तथा लोकसभा चुनाव संयोजक अशोक बजाज ने कार्यक्रम का संचालन किया।

इसके साथ ही दुर्ग लोकसभा के लिए गंजपारा दुर्ग में केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया वहीं महासमुंद लोकसभा चुनाव के लिए महासमुंद में केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, विधायक एवं रायपुर लोकसभा सह संयोजक पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत सिंह,  विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, वन औषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष रायपुर शहर जयंती पटेल, जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार डॉ. सनम जांगड़े, प्रदेश कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजीव अग्रवाल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, दीपक म्हस्के, नलिनीश ठोकने, अशोक पांडेय, किशोर महानंद, श्रीचंद सुंदरानी, छगनलाल मूंदड़ा, रमेश कुमार ठाकुर, सत्यम दुआ, गौरीशंकर श्रीवास, अमित साहू, उमेश घोरमोड़े, राजीव चक्रवर्ती, अकबर अली, अंजय शुक्ला, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button