CRIME; होटल की आड़ में चल रहे सैक्स रैकेट का भंडाफोड़, संचालक और दलाल समेत 3 गिरफ्तार

0 रायगढ में थ्री स्टार होटल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
रायपुर, छत्तीसगढ के दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए होटल संचालक, दलाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पावर हाउस बस स्टैंड स्थित होटल छाया इन में की गई, जहां पुलिस की अचानक छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल छाया इन में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं, जहां से देह व्यापार में लिप्त युवतियों और दलालों को मौके पर ही पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि होटल संचालक की मिलीभगत से यह रैकेट संचालित किया जा रहा था। दलाल ग्राहकों को उपलब्ध कराने और युवतियों को होटल तक लाने-ले जाने की भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। छावनी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
थ्री स्टार होटल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, तीन महिलाओं समेत मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में थ्री स्टार होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। होटल ट्रिनिटी के सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस की रेड में तीन अलग– अलग कमरों में तीन महिलाएं मिली। कमरों की तलाशी में मोबाइल, नगदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस ने होटल के मैनजर और स्पा संचालक के खिलाफ पीटा एक्ट की कार्रवाई की है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल में संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना प्राप्त हुई थी। 9 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर स्पा सेंटर भेजा गया। पाइंटर से संकेत प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिली। महिला पुलिसकर्मियों ने कमरों की तलाशी ली, जहां आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने एवं अवैध कमाई के उद्देश्य से लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थी। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर थाने लाया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, नगदी 6,000 रुपये (पुलिस पाइंटर द्वारा दिया हुआ), स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर एवं किरायानामा (वर्ष 2024 से) जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी देवेन्द्र सिंह पिता प्रीतम सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी बीडपारा, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ एवं विनयकांत बरगट पिता विट्ठलराव, उम्र 43 वर्ष, निवासी मकान नं. 41/बी, जोन-2 लोहिया रोड, एकता चौक के पास, वार्ड नं. 14 कैलाश नगर मिलाई, जिला दुर्ग (छ.ग.) हाल मुकाम होटल ट्रिनिटी, कोतरारोड रायगढ़ का रहने वाला है।




