PADDY; किसानों के लिए खुशखबरी, छत्तीसगढ़ में इस दिन से शुरू होगी धान खरीदी

रायपुर ,छत्तीसगढ़ के धान उत्पादक किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “हमारी सरकार में हम सबका धान खरीदते हैं”। बता दें कि इस बार प्रदेश में 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी करने का लक्ष्य है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में इस बार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन आवश्यक है। एग्रीस्टैक पोर्टल भारत सरकार द्वारा विकसित एक यूनिफाइड एग्रीकल्चर डेटाबेस है, जिसमें किसानों का भूमि एवं आधार लिंक्ड पंजीयन किया जाता है। पंजीकरण उपरांत किसानों को एक यूनिक फार्मर आईडी प्राप्त होती है। यह आधार लिंक्ड डेटाबेस शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ केवल वास्तविक पात्र किसानों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कस्टम मिलिंग नीति तैयार
छत्तीसगढ़ सरकार की वर्ष 2025-26 के लिए नई धान उपार्जन नीति और कस्टम मिलिंग नीति बनकर तैयार है। बताया गया है कि नीति के प्रारूप को इसी महीने दीपावली के पहले होने वाली कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद यह नीति लागू होगी। खास बात ये है कि इस बार धान उपार्जन करने वाली सोसाइटियों और मिलिंग करने वाले मिलरों को सरकार कुछ राहत दे सकती है।