STRIKE;किसान प्रदर्शन पर मंत्री गजेंद्र यादव बोले-हम सभी एक किसान परिवार के हैं आपकी समस्याओं के हल के लिए हम प्रतिबद्ध

0 किसानों की मांगों पर मंत्री ने प्रतिनिधि मंडल से मिलकर सहानुभूतिपूर्वक की चर्चा
रायपुर, भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के द्वारा कल बूढ़ा तलाब स्थित धरना स्थल पर आंदोलन किया गया था। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आंदोलनरत भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की और उनसे उनकी समस्याओं के संबंध में जाना। जहां बिंदुवार सभी नौ सूत्रीय मांगों पर उन्होंने प्रतिनिधियों से सहानुभूतिपूर्वक सभी मांगों के संबंध में चर्चा की। इसके बाद वे बूढ़ा तलाब स्थित धरना स्थल में पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में आये किसानों ने मंत्री श्री यादव का अभिवादन किया।
शिक्षा मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी किसान एक परिवार की तरह हैं, हमारी विचारधारा भी एक ही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इसी किसान परिवार से संबंध में रखते हैं, इसीलिए आपकी मांगों पर उन्होंने संवेदनशीलतापूर्वक विचार किया है। जिसमें उन्होंने बताया कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए कैबिनेट बैठक में 15 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई थी जिसके निर्माण के लिए 2800 करोड़ रूपयों को आज जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही धान खरीदी पर किसानों से 40 किलो में सात सौ ग्राम से अधिक नहीं लेने एवं समितियों में भंडारण सुनिश्चित करने की भी उन्होंने घोषणा की और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण का भी आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि किसानों की मांग अनुरूप कवर्धा के भोरमदेव शक्कर उत्पादक कंपनी के गन्ना उत्पादक किसानों की बकाया 46 करोड़ रूपयों की राशि को कैबिनेट द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है, वित्त द्वारा इसपर जल्द कार्यवाही पूर्ण कर किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। जिस पर सभी किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
किसानों के मुख्यमंत्री निवास घेराव का आप ने समर्थन किया-विजय झा
छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ किसान संघ द्वारा कल सोमवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के किसानों के हित में निरंतर आंदोलन, विरोध, प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री निवास घेराव का आप पार्टी ने समर्थन किया है। आप पार्टी के नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि प्रदेश के किसानों को मोदी की गारंटी के विरुद्ध समय पर यूरिया खाद न मिलने, माहों कीड़ा का प्रकोप होने तथा निरंतर वर्षा होने के कारण परेशान है। इन सब परिस्थितियों में किसानों के धान का उत्पादन निश्चित रूप से प्रभावित होगा। राज्य सरकार 1 एकड़ में 21 क्विंटल धान खरीदने की बात कर रही है। लेकिन वर्तमान में 21 क्विंटल धान का उत्पादन होना संभव नहीं है। धान में पानी पड़ने से उसे दूसरे कैटेगरी में रखा जावेगा। इसके साथ किसान एग्रो पोर्टल में ऑनलाइन ना होने से भी धान खरीदी प्रभावित हो रहा है। प्रतिवर्ष 1 नवंबर से धान खरीदी करने वाली सरकार 15 नवंबर से धान खरीदी,श कर रही है।