ACB; 65 हजार रिश्वत लेते उपायुक्त व लिपिक गिरफ्तार गिरफ्तार,लंबित भुगतान के एवज में पैसा ले रहे थे

0 गृह निर्माण मंडल का मामला
अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संभाग अंबिकापुर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उपायुक्त (अधीक्षण अभियंता) पूनम चंद अग्रवाल और वरिष्ठ सहायक ग्रेड- दो अनिल सिन्हा) को कुल 65,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। निर्माण कार्यों के भुगतान और अंतिम प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।

सूत्रों के अनुसार ठेकेदार रवि कुमार ने 20 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है। वर्ष 2023 में हाउसिंग बोर्ड कार्यालय संभाग अंबिकापुर से करीब 65 लाख रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन डौरा कोचली (बलरामपुर) तथा 43.51 लाख रुपये की लागत से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुंड्रा में छह अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य उसे मिला था।
निविदा प्रक्रिया के बाद उसने दोनों निर्माण कार्य कराए, लेकिन समय पर कार्य पूर्ण नहीं हो पाने के कारण उसने विभाग से अंतिम समयावृद्धि एवं भौतिक सत्यापन के लिए आवेदन किया था। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नवीन तहसील भवन के लगभग 28 लाख रुपये तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुंड्रा के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लगभग 7.50 लाख रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि दोनों कार्यों के भौतिक सत्यापन और अंतिम समयावृद्धि की अनुशंसा करने के एवज में उपायुक्त पूनम चंद अग्रवाल द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सत्यापन कराया, जिसमें आरोपित द्वारा दोनों कार्यों के लिए 30-30 हजार रुपये यानी कुल 60,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमति जताई गई। इसके बाद पांच फरवरी 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और शिकायतकर्ता को चिन्हित राशि देकर भेजा गया।
इसकी जानकारी शिकायतकर्ता द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को देने के बाद पंचनामा तैयार किया गया और अतिरिक्त 5,000 रुपये जोड़कर कुल 65,000 रुपये रिश्वत की रकम पाउडर लगाकर शिकायतकर्ता को दी गई। शिकायतकर्ता ने यह राशि वरिष्ठ सहायक ग्रेड-दो अनिल सिन्हा को दी, जिन्होंने उसमें से अपने हिस्से के 5,000 रुपये अलग कर दराज में रख लिए और शेष 60,000 रुपये शिकायतकर्ता के साथ जाकर उपायुक्त पूनम चंद अग्रवाल को उनके कार्यालय कक्ष में दे दिए।
संकेत मिलते ही एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए उपायुक्त अभियंता पूनम चंद अग्रवाल के पास से 60,000 रुपये तथा (वरिष्ठ सहायक ग्रेड-दो अनिल सिन्हा के पास से 5,000 रुपये बरामद कर जब्त कर लिए।दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




