PWD; बैठक में सीएम के कड़े तेवर,साय की चेतावनी – घटिया सड़क बनाने पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्टेड, अफसरों पर भी गिरेगी गाज

रायपुर, छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ताहीन कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी निर्माण कार्य में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने यह निर्देश आज मंत्रालय महानदी भवन में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों और गतिविधियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण के बाद निरीक्षण करने के बजाय निर्माण के दौरान ही नियमित रूप से फील्ड में जाकर गुणवत्ता की निगरानी की जाए। सड़कों का निर्माण केवल तकनीकी कार्य नहीं बल्कि आमजन की सुविधा से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण अधोसंरचनात्मक कार्य है और इससे सरकार की छवि भी बनती है। यदि सड़क बनने के कुछ वर्षों के भीतर ही खराब हो जाए तो इससे सरकार की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

सड़क की खराब स्थिति पर मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी

बैठक में बागबहार–कोतबा सड़क की खराब स्थिति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह सड़क कुछ वर्ष पहले ही बनी थी, लेकिन उसकी स्थिति तेजी से खराब हो गई है। यदि सड़क चार वर्ष भी नहीं चले तो इसका कोई औचित्य नहीं रह जाता। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस सड़क के निर्माण में हुई कमियों की गंभीरता से जांच की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता की सख्त निगरानी की जाए।

शिलान्यास और भूमिपूजन मुख्यमंत्री और मंत्रियों के हाथों से कराया जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण कार्य हो रहे हैं, लेकिन आमजन को इन कार्यों की जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे सकारात्मक नैरेटिव नहीं बनता। उन्होंने निर्देश दिए कि बड़ी सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमिपूजन मुख्यमंत्री और मंत्रियों के हाथों से कराया जाए व उन्हें व्यापक रूप से आमजन के सामने प्रस्तुत किया जाए।

कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा कराएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण के टेंडर जारी होने से लेकर कार्य आवंटन (अवॉर्ड) तक की पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि कई ठेकेदार बहुत कम दर यानी बिलो रेट पर टेंडर प्राप्त कर लेते हैं, जिसके कारण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। यदि ठेकेदार बिलो रेट पर टेंडर लेता है तो यह उसकी जिम्मेदारी होगी कि वह कार्य को निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरा करे।

स्पष्ट नियमावली तैयार करने की आवश्यकता

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट नियमावली तैयार करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों में लागू बेहतर व्यवस्थाओं का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ में भी उपयुक्त प्रावधान लागू किया जाए। साथ ही टेंडर और डीपीआर जैसे तकनीकी कार्यों के लिए एक अलग इकाई बनाने पर भी गंभीरता से विचार किया जाए।

चिन्हित गांवों को सड़कों और पुल-पुलियों से जोड़ा जाएगा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में लगभग 300 ऐसे गांव चिन्हित किए गए हैं, जहां बरसात के दौरान संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। ऐसे गांवों तक पहुंचने के लिए लोगों को कई बार बीमार मरीजों को खाट में उठाकर ले जाना पड़ता है, जो अत्यंत चिंता का विषय है। खाद्य विभाग से प्राप्त सूची के आधार पर चिन्हित इन गांवों को सड़कों और पुल-पुलियों के माध्यम से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री ने लैलूंगा–कुंजारा–तोलगेपहाड़–मिलूपारा–तमनार मार्ग के निर्माण की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी आबादी निवास करती है और यहां सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इस मार्ग के कुछ हिस्से में वन स्वीकृति की आवश्यकता होगी, लेकिन शेष हिस्सों में निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

353 किमी लंबाई वाली सड़क परियोजना पर हुई चर्चा

बैठक में मनेंद्रगढ़–सूरजपुर–अंबिकापुर–पत्थलगांव–कुनकुरी–जशपुर–झारखंड सीमा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लगभग 353 किलोमीटर लंबाई वाली इस सड़क परियोजना की स्थिति पर चर्चा की गई। पत्थलगांव-कुनकुरी खंड में भू-अर्जन का मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी बैठक में साझा की गई। इसके अलावा अंबिकापुर–सेमरसोत–रामानुजगंज–गढ़वा मार्ग, गीदम–दंतेवाड़ा मार्ग, चांपा–सक्ती–रायगढ़–ओडिशा सीमा मार्ग, रायपुर–दुर्ग मार्ग तथा चिल्फी क्षेत्र की सड़कों सहित कई अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बस्तर में पुल-पुलिया और 17 सड़कों के निर्माण पर भी चर्चा

बैठक में बस्तर में पुल-पुलिया निर्माण सहित 17 सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही राज्य द्रुतगामी सड़क संपर्क मार्ग की आगामी कार्ययोजना की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में शासकीय भवनों के डिजाइन बहुत पुराने और एक जैसे दिखाई देते हैं। अब समय आ गया है कि शासकीय भवनों का निर्माण आधुनिक डिजाइन और तकनीक के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि भवनों का डिजाइन उनकी उपयोगिता के अनुरूप होना चाहिए और भूमि के बेहतर उपयोग के लिए हॉरिजॉन्टल की जगह वर्टिकल संरचना को बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने राजभवन में बन रहे गेस्ट हाउस को भी आधुनिक और गरिमामय स्वरूप में तैयार करने के निर्देश दिए।

ऐसा तंत्र बनाए जिससे सड़कों में बनने वाले गड्ढों की जानकारी जल्द मिले

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसा तंत्र विकसित किया जाए जिससे सड़कों में बनने वाले गड्ढों की जानकारी समय पर मिल सके और उन्हें तुरंत ठीक किया जा सके। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, राहुल भगत एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • Narayan Bhoi

    Narayan Bhoi is a veteran journalist with over 40 years of experience in print media. He has worked as a sub-editor in national print media and has also worked with the majority of news publishers in the state of Chhattisgarh. He is known for his unbiased reporting and integrity.

    Related Posts

    SOCIAL MEDIA; कर्नाटक में बच्चे नहीं कर पाएंगे सोशल मीडिया का इस्तेमाल, सरकार ने किया बैन

    बंगलुरु, कर्नाटक में अब बच्चे सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के यूज पर बैन…

    LIQUOR; होली में 179 करोड़ से ज्यादा की दारू पी गए मदिरा प्रेमी,’इंग्लिश’ के शौकीन बढ़े, छत्तीसगढ़ में शराब की रिकॉर्ड बिक्री

    रायपुर,  होली के मौके पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। होली के दो दिनों में प्रदेश के मदिरा प्रेमी 1 अरब 79 करोड़ रुपये से…

    You Missed

    SOCIAL MEDIA; कर्नाटक में बच्चे नहीं कर पाएंगे सोशल मीडिया का इस्तेमाल, सरकार ने किया बैन

    SOCIAL MEDIA; कर्नाटक में बच्चे नहीं कर पाएंगे सोशल मीडिया का इस्तेमाल, सरकार ने किया बैन

    CRIME;चार कर्मचारियों पर FIR दर्ज, धान को पानी से भिगोने के मामले में बड़ा एक्शन

    CRIME;चार कर्मचारियों पर FIR दर्ज, धान को पानी से भिगोने के मामले में बड़ा एक्शन

    CRIME; गांजा तस्करी में पुलिस जवान भी शामिल, दो आरोपी गिरफ्तार, सिपाही फरार

    CRIME; गांजा तस्करी में पुलिस जवान भी शामिल, दो आरोपी गिरफ्तार, सिपाही फरार

    LIQUOR; होली में 179 करोड़ से ज्यादा की दारू पी गए मदिरा प्रेमी,’इंग्लिश’ के शौकीन बढ़े, छत्तीसगढ़ में शराब की रिकॉर्ड बिक्री

    LIQUOR; होली में 179 करोड़ से ज्यादा की दारू पी गए मदिरा प्रेमी,’इंग्लिश’ के शौकीन बढ़े, छत्तीसगढ़ में शराब की रिकॉर्ड बिक्री

    EXAM; एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 27 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन

    EXAM; एमएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 27 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन

    JOB; एनएचएम के संविदा पदों हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी,13 मार्च तक दावा-आपत्ति

    JOB; एनएचएम के संविदा पदों हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी,13 मार्च तक दावा-आपत्ति