रायपुर, छत्तीसगढ़ के वन महकमें में वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति को देखते हुए बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। वन विभा में शीर्ष स्तर पर नई नियुक्तियों को लेकर सरकार गोपनीय तरीके से मंथन कर रही है। आने वाले महीनों में नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) की नियुक्ति संभावित मानी जा रही है।
वन विभाग में मई, जून और जुलाई में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के रिटायरमेंट से व्यापक फेरबदल तय माना जा रहा है। हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स एवं पीसीसीएफ वी. श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक तपेश झा जून में और राज्य लघुवनोपज संघ के एमडी साहू जुलाई में रिटायर होंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए पीसीसीएफ के तीन पदों के लिए संभावित अधिकारियों का पैनल तैयार किया जा रहा है।
पीसीसीएफ और हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स के पद के लिए फिलहाल दो नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं- कौशलेंद्र कुमार (1992 बैच) और अरुण कुमार पाण्डेय (1994 बैच)। वर्तमान में अरुण कुमार पाण्डेय पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) के पद पर पदस्थ हैं और विभागीय वरिष्ठता में दूसरे नंबर के अधिकारी माने जाते हैं, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत नजर आ रही है और उनका नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं 1994 बैच के प्रेम कुमार और ओपी यादव भी पीसीसीएफ पद पर कार्यरत हैं, लेकिन प्रेम कुमार के जुलाई में सेवानिवृत्त होने के कारण उन्हें इस रेस से बाहर माना जा रहा है, जबकि ओपी यादव की संभावनाएं भी सीमित बताई जा रही हैं।







