रायपुर, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव एवं रणजी खिलाड़ी राजेश दवे को आगामी महिला टी20 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजेश दवे इससे पहले भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ काम कर चुके हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। उनके अनुभव को देखते हुए एक बार फिर उन्हें राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी दी गई है।
28 अगस्त से शुरू होगा महिला टी20 एशिया कप
महिला टी20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, संयुक्त अरब अमीरात में किया जाएगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद भारतीय टीम 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर, जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर 2026 को खेला जाएगा।






