
तेल अवीव, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट ने बुधवार को सऊदी अरब के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल भेजा और रास्ता बदल लिया। इससे इजरायल से यूएई तक हड़कंप मच गया और सुरक्षा से जुड़ी कार्रवाई शुरू हो गई। इजरायली एयरफोर्स के जेट तक हरकत में आ गए क्योंकि इसे प्लेन को हाईजैक करने की कोशिश मानी गई। हालांकि कुछ देर बाद सऊदी अरब में प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग हो गई। इसके बाद पता चला कि मामला पायलट के साथ मारपीट का था। विमान में सवार एक यात्री ने पूरी घटना की जानकारी दी है।
विमान की लैंडिंग के बाद इसमें सवार यात्री ने I24NEWS को दिए इंटरव्यू में कहा कि कुछ मिनटों तक हमें पक्का यकीन था कि या तो हमारी हत्या हो जाएगी या प्लेन क्रैश हो जाएगा। हम पूरी तरह से डर गए थे क्योंकि कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। इस विमान में ज्यादातर इजरायली यात्री बताए गए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है किपायलट पर हमला क्यों किया गया।

पायलट पर हमला!
यात्री ने दावा किया है कि पायलट पर हमला किया गया था। यात्री के बयान के मुताबिक, पायलट पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई। हालांकि यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसे जमीन पर दबा दिया। इसके बाद किसी तरह से लैंडिंग की गई। यात्री ने कहा कि इस दौरान कुछ पल ऐसे भी आए, जब लगा कि हम जिंदा नहीं बच पाएंगे।
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी। इसी दौरान उसने इंटरनेशनल इमरजेंसी कोड 7700 भेजा। यह कोड हाइजैकिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। हालांकि टाइम्स ऑफ इजरायल हाइजैकिंग की कोशिश की बात को खारिज किया है।
घटना पर अलग-अलग दावे
विमान में हुआ घटनाक्रम पर कई तरह के दावे सामने आए हैं। इजरायल के चैनल 14 का कहना है कि फ्लाईदुबई की घटना में शुरुआती शक यह है कि एक पायलट ने आत्महत्या की कोशिश की और विमान को ‘मैक 1’ की रफ्तार से 30,000 फीट से 15,000 फीट की ऊंचाई तक तेजी से नीचे (स्टीप डाइव) ले गया। इस पर दूसरे पायलट ने उससे संघर्ष किया और विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल कर लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान के दो पायलटों में रूसी (पायलट) और यूक्रेनी (को-पायलट) थे। इनके बीच हिंसक बहस के बाद डिस्ट्रेस कॉल (आपातकालीन संकेत) भेजे गए थे। अभी इस बात की जांच की जा रही है कि क्या कॉकपिट में पायलटों के बीच चाकू मारने की कोई घटना हुई थी। हालांकि कुछ चोटें लगने की बात जरूर कही जा रही है।







