
रायपुर, मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में मुट्ठी भर असामाजिक तत्वों ने ग्राम का माहौल खराब कर रखा है । इनके खिलाफ समय – समय पर किया जाने वाला पुलिसिया कार्यवाही का इन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है । बीते गुरुवार को शाम ढले ग्राम के श्मशानघाट में स्थानीय तीन असामाजिक तत्व एक लड़की व 8-10 युवकों के साथ इकट्ठे थे। सूचना मिलने पर ग्रामीणों को एकत्रित होते देख कुछ कार में बैठ तो कुछ पैदल भाग निकले । पुलिसिया रिकार्डधारी प्रेम उर्फ अगेश्वर युवती को दुपहिया में बिठा भाग निकला । इसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश है और इसकी सूचना थाना प्रभारी आशीष यादव को दे दी गयी है ।
ज्ञातव्य हो कि कुछ समय पहले ही स्थानीय एक असामाजिक तत्व के चुनौती को स्वीकार कर गोढ़ी के असामाजिक तत्वों का गुट रात के समय टेकारी पहुंचा था और दोनों गुटों के बीच तलवार बाजी हुयी थी । थाना में गोढ़ी गुट के तत्वों के खिलाफ प्राणघातक हमला का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गयी थी । टेकारी के असामाजिक तत्वों को कथित रूप से पिपरहट्ठा गुट में शामिल बतलाया जाता है । बीते कल गुरुवार को ग्राम के श्मशानघाट में लगे तार की चारदीवारी के तार को अनाधिकृत रूप से खोल एक लड़की के साथ कतिपय युवकों के इकट्ठा होने व एक सफेद कार भीतर खडे़ होने की जानकारी ग्राम प्रमुखों को मिली । इसकी पुष्टि करने ग्रामीण सभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा , पूर्व ग्रामीण सभा अध्यक्ष हुलास राम वर्मा व पूर्व सरपंच नंद कुमार यादव श्मशानघाट पहुंचे। पुष्टि पश्चात् घेराबंदी करने ग्रामीणों को बुलाने की तैयारी के बीच में ही भनक लगने पर कुछ युवक कार में में बैठ भाग निकले तो कुछ पैदल ही ।
इस जमावड़े में टेकारी के तीन असामाजिक तत्वों के मौजूद रहने की जानकारी के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी कल शाम ही किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने थाना प्रभारी को दे दी है । इसके बाद से पुलिसिया दबिश जारी है पर स्थानीय लिप्त असामाजिक तत्व फरार हो गये हैं ।इधर इसकी पूरी जानकारी ग्राम पंचायत को भी दे दी गयी है जिनके द्वारा भी ग्राम में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने व लिप्त तत्वों पर प्रभावी कार्यवाही करने ज्ञापन सौंपने की तैयारी है साथ ही ग्रामीण सभा की बैठक बुला इन तत्वों के खिलाफ सीधी कार्यवाही की योजना बनाने की मांग की जा रही है ।







