
माउंट माउंगानुई: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला जीत लिया है। टीम इंडिया को सीरीज के इस निर्णायक मुकाबले में 22 रनों से जीत मिली। इसके साथ ही टीम ने सीरीज को भी 3-1 से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन पर ही सिमट गई। इसके बाद गेंदबाजों के कमाल ने न्यूजीलैंड की पारी को 187 रनों पर ही रोक दिया। 49वें ओवर में कीवी टीम ऑलआउट हो गई।
रोहित और विराट फिर नहीं चले
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। रोहित शर्मा 7 रन और विराट कोहली 5 रन बनाकर आउट हो गए। ऋतुराज गायकवाड़ सीरीज में लगातार दूसरी बार मिले मौके को भूना नहीं पाए और 18 रन बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 22 रन बनाकर आउट हो गए। बाएं हाथ के दो बल्लेबाजों अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन की अहम पारियां खेलीं। इन्हीं पारियों की बदौलत टीम इंडिया एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।
जैसे-तैसे 200 के पार पहुंची टीम इंडिया
अक्षर ने 55 गेंदों की पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया, जबकि ईशान ने 58 गेंदों की पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए। नमन धीर ने 22 रन बनाए। आखिरी विकेट के लिए मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने 26 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 209 तक पहुंचाया। अर्शदीप 4 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सिराज 20 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 14 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान मिचेल सेंटनर ने 3 विकेट लिए। जैकब डफी को भी 3 विकेट मिले तो मैथ्यू फिशर ने 7 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए।

गेंदबाज रहे भारत की जीत के हीरो
न्यूजीलैंड की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। मोहम्मद सिराज ने टिम सीफर्ट (14) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। दूसरे विकेट के लिए विल यंग और निक केली ने 38 रनों की साझेदारी बनाई लेकिन दोनों ने 66 गेंदों का सामना किया। अर्शदीप ने यंग के साथ ही केली को आउट किया। यंग ने 42 गेंद पर 22 रन बनाए तो केली के बल्ले से 45 गेंद पर 24 रन निकले। फिल एलन के बल्ले से सिर्फ 1 रन निकले। उन्होंने मोहम्मद सिराज ने बोल्ड किया। 83 रन पर न्यूजीलैंड के 4 विकेट गिर गए थे।
डीन फॉक्सक्रॉफ्स और माइकल ब्रेसवेल को जीवनदान मिले लेकिन वह कुछ खास नहीं कर सके। 119 के स्कोर पर दोनों ही पवेलियन लौट गए। कप्तान मिचेल सेंटनर और क्रिस्टियन क्लार्क ने भारतीय टीम को थोड़ा परेशान किया। दोनों के बीच 39 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन नमन धीर ने 31 गेंद पर 24 रन बनाने वाले सेंटनर को आउट कर दिया। मुश्किल विकेट पर रन रेट 6 से ऊर जाने के बाद कीवी टीम प्रेशर में आती गई और 49वें ओवर में टीम की पारी सिमट गई।
भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले। आकिब नबी ने 10 ओवर में 37 जबकि यश ठाकुर ने 10 ओवर में 38 रन दिए और 1-1 विकेट झटके। नमन धीर ने भी एक विकेट लिया।







