
10वीं कक्षा के छात्र जितेंद्र दीप बने छत्तीसगढ़ के 16वें मृतक अंगदाता; परिजनों के फैसले से बचीं दो जिंदगियां
रायपुर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर ने एक ही दिन में दो कैडेवर (मृतक दाता) किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए हैं। इन प्रत्यारोपणों से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित और लंबे समय से डायलिसिस पर निर्भर दो मरीजों को नया जीवन मिला है। यह उपलब्धि 10वीं कक्षा के छात्र जितेंद्र दीप के परिजनों के साहसिक और मानवीय निर्णय से संभव हो सकी, जिन्होंने ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद अपने बेटे की दोनों किडनी और कॉर्निया दान करने की सहमति दी। जितेंद्र छत्तीसगढ़ के 16वें मृतक अंगदाता बने हैं।
रायपुर निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र दीप 9 नवंबर 2026 को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में रामकृष्ण केयर अस्पताल स्थानांतरित किया गया। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके अलावा उनकी कई पसलियां टूट गई थीं और न्यूमोमेडियास्टिनम (फेफड़ों के आसपास के स्थान में हवा जमा होने) की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद 14 नवंबर 2026 को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।

जितेंद्र प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे
इस असहनीय दुख की घड़ी में भी जितेंद्र के परिवार ने असाधारण संवेदनशीलता और मानवीय साहस का परिचय देते हुए उनकी दोनों किडनी और कॉर्निया दान करने का निर्णय लिया। उनके भाई विक्की दीप ने बताया कि जितेंद्र एक प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे। उन्होंने कहा कि अंग प्राप्त करने वाले मरीजों के माध्यम से जितेंद्र की यादें हमेशा जीवित रहेंगी और उनका जीवन दूसरों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
दोनों मरीजों की हालत में तेजी से सुधार
राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ), छत्तीसगढ़ की निर्धारित आवंटन नीति के तहत दोनों किडनी जरूरतमंद मरीजों को आवंटित की गईं। दोनों मरीजों के परिवारों में कोई उपयुक्त जीवित किडनी दाता उपलब्ध नहीं था और वे मृतक दाता से किडनी मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। पहली किडनी महासमुंद जिले के बसना निवासी 46 वर्षीय पुरुष को प्रत्यारोपित की गई, जो डायबिटिक किडनी रोग से पीड़ित थे और पिछले तीन वर्षों से डायलिसिस करा रहे थे। दूसरी किडनी धमतरी निवासी 39 वर्षीय पुरुष को लगाई गई, जो पिछले सात वर्षों से किडनी फेल्योर के कारण डायलिसिस पर निर्भर थे। फिलहाल दोनों मरीज एम्स रायपुर की प्रत्यारोपण गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।
12 घंटे से अधिक चली जटिल प्रत्यारोपण प्रक्रिया
एम्स रायपुर के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि दोनों प्रत्यारोपण की पूरी प्रक्रिया में 12 घंटे से अधिक समय लगा। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में दो किडनी का प्रत्यारोपण और अंगों को सुरक्षित रूप से निकालने की प्रक्रिया पूरी करना चिकित्सा एवं प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था। नेफ्रोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनय राठौर ने बताया कि एम्स रायपुर में अब तक कुल 125 किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। इनमें से 48 प्रत्यारोपण अकेले वर्ष 2026 में किए गए हैं।
इन चिकित्सकों की टीम ने किया आपरेशन
इन जटिल प्रत्यारोपण प्रक्रियाओं को यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसियोलॉजी विभागों की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। यूरोलॉजी विभाग की टीम का नेतृत्व डॉ. अमित आर. शर्मा ने किया, जिसमें डॉ. दीपक बिस्वाल, डॉ. सत्यदेव शर्मा और डॉ. राघवेंद्र शामिल रहे। नेफ्रोलॉजी विभाग से डॉ. विनय राठौर तथा एनेस्थीसियोलॉजी विभाग से डॉ. सुब्रत सिंहा, डॉ. मयंक कुमार और डॉ. प्रियंका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्यारोपण समन्वयकों श्री विसोक, श्रीमती फमेश्वरी साहू और सुश्री पल्लवी वर्मा ने रामकृष्ण केयर अस्पताल से एम्स रायपुर तक अंगों के सुरक्षित परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया।






