
नईदिल्ली, संसद के आगामी विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 को देखते हुए कांग्रेस ने देश भर के अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है. कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को 29 नवंबर तक अनिवार्य रूप दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं. कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों को दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है.
दरअसल केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा का सत्र बुलाया है. सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. इस बात की जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है. इसके साथ ही परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण बिल को लेकर एक बार फिस चर्चा तेज हो गई है. ऐसा माना जा रहा है कि बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण से जुड़े अपने विधायी पैकेज को आगे बढ़ाने की नई कोशिश कर सकती है.
मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि इस विशेष सत्र के दौरान जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा. कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.
20 जुलाई को शुरू हुआ मॉनसून सत्र
बता दें कि सरकार का संसद का सत्र फिर से बुलाने का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब 20 जुलाई को शुरू हुआ 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद से मानसून सत्र 100 दिनों से भी अधिक समय तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था. ऐसे में अब दोनों सदनों की ये बैठक फिर से शुरू होने वाली है. कांग्रेस ने इस विशेष सत्र के लिए अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है. इसके लिए कल 27 नवंबर को दिल्ली में शाम 4:30 बजे कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी. इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी.







