
रायपुर, छत्तीसगढ़ में अब पुश्तैनी जमीन से जुड़े पुराने दस्तावेज हासिल करने के लिए लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राजस्व विभाग ने वर्ष 1929 से 1945 तक के पुराने ‘मिसल बंदोबस्त’ और ‘अधिकार अभिलेख’ को डिजिटल कर दिया है। अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से घर बैठे इन भूमि रिकॉर्ड को मुफ्त में डाउनलोड कर सकता है। इससे जमीन के पुराने दस्तावेज तलाशने में होने वाली परेशानी और खर्च से राहत मिलेगी।
1929 से 1945 तक के पुराने भूमि रिकॉर्ड हुए ऑनलाइन
राजस्व विभाग ने आजादी से पहले तैयार किए गए पुराने भूमि अभिलेखों को ऑनलाइन उपलब्ध कराया है। इनमें मिसल बंदोबस्त, अधिकार अभिलेख, निस्तार पत्रक और चकबंदी से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। इन दस्तावेजों को विभाग के विशेष पोर्टल पर अपलोड किया गया है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बस्तर और सरगुजा समेत प्रदेश के कई जिलों के पुराने रिकॉर्ड यहां देखे जा सकते हैं।
जमीन विवाद और प्रमाण पत्र बनवाने में आएंगे काम
पुराने भूमि अभिलेख कई मामलों में महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होते हैं। परिवारों में पीढ़ियों पुरानी जमीन के बंटवारे या मालिकाना हक को लेकर विवाद होने पर इन रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को जब वर्ष 1950 से पहले के निवास या भूमि संबंधी दस्तावेजों की जरूरत होती है, तब भी पुराने रिकॉर्ड उपयोगी हो सकते हैं।
मोबाइल से ऐसे डाउनलोड करें पुराने जमीन के दस्तावेज
छत्तीसगढ़ में पुराने भूमि रिकॉर्ड निकालने के लिए राजस्व विभाग के पोर्टल revenue.cg.nic.in/missal पर जाएं। यहां ‘रिकॉर्ड खोजें ग्राम वार’ या ‘रिकॉर्ड खोजें नाम वार’ विकल्प चुनें। इसके बाद जिला, तहसील, RI सर्कल, पटवारी हल्का और गांव का नाम दर्ज करें। अब अभिलेख के प्रकार में मिसल, अधिकार अभिलेख, निस्तार पत्रक या चकबंदी चुनकर ‘खोजें’ पर क्लिक करें। स्क्रीन पर उपलब्ध रिकॉर्ड की स्कैन कॉपी दिखाई देगी। इसे PDF फॉर्मेट में मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी निकाल सकते हैं।
ग्राम और नाम के आधार पर खोजने की सुविधा
पोर्टल पर रिकॉर्ड खोजने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। पहला ग्राम वार और दूसरा नाम वार। यानी संबंधित गांव की जानकारी के आधार पर रिकॉर्ड तलाशा जा सकता है। वहीं, नाम वार विकल्प के जरिए पूर्वज या संबंधित व्यक्ति के नाम से दस्तावेज खोजने की सुविधा मिलती है। इससे पुराने रिकॉर्ड की तलाश करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।







