रायपुर, राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. कारोबारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, अवैध उगाही और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायतकर्ता जयंत चौधरी (38), जो शंकर नगर स्थित न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि मई 2026 में उनकी मुलाकात गुढ़ियारी थाने में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी. इसके बाद दोनों युवतियां उनसे लगातार संपर्क में रहीं और नौकरी दिलाने, पार्लर शुरू कराने समेत अलग-अलग बहाने बनाकर पैसों की मांग करती रहीं.
कारोबारी के अनुसार, 14 जून को दोनों ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया. मुलाकात के दौरान वे उनकी कार में बैठीं और सिगरेट पी. उनका आरोप है कि इसके बाद उन्हें चक्कर आने लगे. इसी बीच दोनों युवतियां उनके घर पहुंचीं और वहां उनकी फोटो व वीडियो बना लिए. अगले दिन युवतियों ने उन पर गलत काम करने का आरोप लगाते हुए मामला दबाने के बदले बड़ी रकम की मांग शुरू कर दी. साथ ही पैसे नहीं देने पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई.
25 हजार रुपये देने के बाद भी नहीं रुकी मांग
पीड़ित ने बताया कि बदनामी के डर से उन्होंने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए. इसके बावजूद कथित ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई. उनका आरोप है कि 1 जुलाई को दोनों उनके कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं और कार में रखे नकदी से भरे बैग तक पहुंचने की कोशिश की.वहीं 10 जुलाई को वे फिर कार्यालय पहुंचीं और कर्मचारियों के सामने हंगामा करते हुए दोबारा पैसे की मांग की. कारोबारी का कहना है कि इस दौरान उन्हें फिर से रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







