रायपुर, ड्रिंक एंड ड्राइव पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामलों में कमी नहीं आ रही है। राजधानी रायपुर में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई है, जहां नशे में वाहन चला रहे एक व्यक्ति ने पुलिस जांच के दौरान हंगामा कर दिया। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानें पूरा मामला…
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम इलाके में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक वाहन चालक को जांच के लिए रोका गया। जांच में सामने आया कि वह व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चला रहा था। चेकिंग के दौरान चालक पुलिस से उलझ गया और बहस करने लगा। उसने खुद को भाजपा मंडल अध्यक्ष बताते हुए ट्रैफिक टीआई से अभद्रता की और वर्दी उतरवा देने तक की धमकी दे डाली।
मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज भी की और धक्का-मुक्की करते हुए एक जवान की वर्दी तक फाड़ दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



