
महासमुंद, छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अवैध सूदखोरी और सोना-चांदी गिरवी रखकर धोखाधड़ी के दो बड़े मामलों का खुलासा किया है। इस मामले में बसाना विधानासभा इलाके के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों कार्रवाई में करोड़ों रूपए के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक, ब्लैंक चेक और गिरवी रखे आभूषण के साथ सूदखोरी का रिकॉर्ड जब्त किया गया है।
अवैध वसूली के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में महासमुंद जिले के बसना पुलिस ने राजधानी रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर बसना निवासी आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एक पीड़ित ने कुलदीप सिंह से 40 हजार रुपए का ऋण लिया था, जिसके एवज में आरोपी ने ढाई लाख रुपए की वसूली की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 160 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम-डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, 9 ऋण पुस्तिकाएं, जमीन के दस्तावेज और 1 लाख 20 हजार रुपये नगद जब्त किया।

आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने वाला गिरफ्तार
वहीं महासमुंद जिले के सांकरा के श्याम ज्वेलर्स संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल पर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने का आरोप है। आरोपी गिरवी रखे आभूषणों को गलाने का काम करता था और ॠणियों को आभूषण वापस देने से इंकार कर रहा था।पुलिस ने आरोपी राकेश अग्रवाल से 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, गिरवी रसीदें, मोबाइल, साहूकार लाइसेंस सहित गला हुआ 15 ग्राम सोना और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।

पूरा इलाका सूदखोरी की चपेट में
जानकारों का दावा है कि राजनीतिक संरक्षण में बसना सरायपाली इलाके में सूदखोरी का धंधा फालफूल रहा है।गांव गांव में सुदखोर सक्रिय है। धान कटाई के साथ सूदखोरों की दिवाली शुरु हो जाएगी। इनके लठैत अब सक्रिय हो गए है। कई ग्रामीणों की ऋण पुस्तिका भी सूदखोरों के पास गिरवी पडा है। राजनीतिक संरक्षण के चलते पुलिस भी इन पर हाथ डालने से घबराती है।







