दुर्ग, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित बंद पड़े जलाराम लॉज की आड़ में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। इसकी सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान लॉज से तीन युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। वहीं मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के मिली जानकारी के अनुसार, 28 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली और एसीसी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज में दबिश दी। बताया जा रहा है कि बंद पड़े जलाराम लॉज की आड़ में देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। वर्तमान में लॉज की जगह आइसक्रीम पार्लर संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को लॉज में दो युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। मौके पर लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौजूद था। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। पुलिस ने मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू के रूप में हुई है।







