रायपुर, करीब एक दशक से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बावजूद सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है। राज्य सरकार ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नाम राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिए हैं।
सरकार की ओर से जारी राजपत्र में विभिन्न खेलों के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उन्हें सरकारी नौकरी का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
यह सवाल उठाया गया कि उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के वर्षों बाद भी खिलाड़ियों को नियुक्ति का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। इसके बाद सरकार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। राजपत्र में नाम प्रकाशित होने के साथ ही अब इन 156 खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ हो गया है। लंबे इंतजार के बाद खिलाड़ियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि अब नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी और उन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सरकारी सेवा में अवसर मिलेगा।








