रायपुर, सरगुजा के कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता की भाजपा नेता द्वारा की गई जघन्य हत्या के बाद अब सरकार हरकत में आती नजर आ रही है. केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बीती रात नदियों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अवैध भंडारण पर कार्रवाई करते हुए भंडारण करने वालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
संचालक आईएएस रजत बंसल के निर्देश पर सक्रिय हुए केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बीती रात मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला के तहसील केल्हारी में दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी का निरीक्षण किया. इस दौरान स्वीकृत दो अस्थाई भण्डारण अनुज्ञप्ति स्थलों की सघन जांच की गई. मौके पर ड्रोन सर्वे के माध्यम से रेत की मात्रा का मापन किया गया.
इस दौरान जिला एम.सी.बी. की तहसील केल्हारी अंतर्गत दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी क्षेत्रों के सघन निरीक्षण में स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों का विस्तृत परीक्षण किया गया। मौके पर उपलब्ध रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया। निरीक्षण में भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ सूचना जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर बलरामपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 6 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार ग्राम मितगई एवं पिपरौल स्थित सेंदूर नदी क्षेत्र में की गई। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण अभियान के दौरान ग्राम मितगई से 4 तथा ग्राम पिपरौल से 2 वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए। खनिज अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 6 वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को पुलिस चौकी विजयनगर एवं तातापानी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







