बिलासपुर, लोरमी इलाके में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई के लिए गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. जिससे तीन वनकर्मी घायल हो गए जिसमें से एक की हालत गंभीर है, जिसको प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है. घटना वन परिक्षेत्र खुड़िया के ग्राम झिरिया की है.
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रात 8 बजे वन परिक्षेत्र खुड़िया के ग्राम झिरिया के कक्ष क्रमांक 481 के भूकूनाला में अवैध रेत खनन की शिकायत मिलने पर वनरक्षक निलेश योगेश अभिषेक बर्मन सहित 6 वनकर्मियों की टीम कार्रवाई के लिए गई हुई थी. वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध रेत खनन नहीं करने, वन भूमि को नुकसान नहीं पहुंचाने की बात कही.
इस बात पर खनन माफियाओं के साथ विवाद बढ़ गया, गाली गलौच हुआ, देखते ही देखते ट्रैक्टर चालको और वहां मौजूद ग्रामीणों ने हाथापाई शुरू कर दी. उग्र ग्रामीणों और परिवहनकर्ताओं ने तीनों वनकर्मियों को मारपीट कर घायल कर दिया. विवाद को देखकर अन्य वनकर्मियों ने भागकर जान बचाई, और अधिकारियों को सूचित किया,
इधर हमले में घायल तीनों वनकर्मी को वाहन के माध्यम से लोरमी लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक बर्मन के गंभीर चोट की वजह से बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया ।बाकी का प्राथमिक उपचार यही किया गया. इस सम्बन्ध में वन विभाग के एसडीओ दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.







