
दुर्ग, छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच दुर्ग में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में एक बार फिर पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी देखने को मिली। एसएनजी भवन में आयोजित सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच नारेबाजी की होड़ लगी रही। दोनों नेताओं के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के समर्थन में जमकर नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को मंच से नारेबाजी पर नसीहत देनी पड़ी।
दरअसल, आज नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रिसाली और भिलाई नगर निगम क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा, भिलाई निगम चुनाव पर्यवेक्षक मोहन मरकाम, धनेंद्र साहू और विधायक देवेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच नारेबाजी का सिलसिला चलता रहा। इस पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारेबाजी करना ठीक है, लेकिन अपनी ऊर्जा सही जगह पर लगाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
सुखदेव भगत ने बताया सेमीफाइनल और फाइनल का लक्ष्य
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों का सेमीफाइनल जीतेगी और इसके बाद वर्ष 2029 में फाइनल मुकाबला भी जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
भूपेश बघेल राज्य सरकार पर हमालावर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का नियंत्रण अब न अपनी जुबान पर है और न ही अपनी सरकार पर है। यही वजह है कि जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में जनता इसका फैसला करेगी।
बैज बोले – कांग्रेस की सरकार बनने वाली है, सीट बेल्ट बांध लें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। इससे पहले सीट बेल्ट बांध लें, क्योंकि मौसम खराब होने वाला है। उनके इस बयान को आगामी चुनावों को लेकर भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की आक्रामक रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।







