
कोलकाता, भाजपा ने एक्ट्रेस कोयल मल्लिक को पश्चिम बंगाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है. कोयल मल्लिक ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद तृणमूल सांसद का पद छोड़ दिया था. ऐसी अटकलें थीं कि कोयल मल्लिक को राज्यसभा भेजा जाएगा. रविवार को भाजपा ने इस अफवाह पर अपनी मुहर लगा दी. इस बार भाजपा ने उन्हें उनकी खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है.
कोयल मल्लिक एक लोकप्रिय बंगाली फिल्म एक्ट्रेस हैं, को इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की TMC ने राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था. उन्होंने 6 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद बिना एक भी सत्र में शामिल हुए पद से इस्तीफा दे दिया. चुनाव आयोग ने कोयल मल्लिक द्वारा खाली की गई सीट के लिए 16 अक्टूबर को राज्यसभा उपचुनाव तय किया है. भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है.

कोयल मल्लिक, जिन्हें रुक्मिणी मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है, बंगाली सिनेमा के जाने-माने चेहरों में से एक हैं. वह जाने-माने बंगाली एक्टर रंजीत मल्लिक और उनकी पत्नी दीपा मल्लिक की बेटी हैं. उन्हें टॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिना जाता है और कई बार उन्हें ‘टॉली-क्वीन’ के नाम से भी संबोधित किया जाता है. कोयल मल्लिक का फिल्मी परिवार से गहरा रिश्ता है. उनके पिता रंजीत मल्लिक बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता हैं. रंजीत मल्लिक ने बंगाली फिल्मों में लंबे समय तक अभिनय किया है और उनकी अपनी मजबूत फैन फॉलोइंग रही है. यानी कोयल मल्लिक को अभिनय विरासत में मिला और उन्होंने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई.

कोयल मल्लिक की लोकप्रियता सिर्फ बंगाली फिल्मों तक सीमित नहीं है. वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 30 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वह नियमित तौर पर अपनी तस्वीरें, वीडियो और फिल्मों से जुड़े अपडेट सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं. ऐसे में बीजेपी के लिए कोयल मल्लिक सिर्फ एक राज्यसभा उम्मीदवार नहीं, बल्कि बंगाली समाज और खासकर युवा वर्ग तक पहुंच बनाने वाला एक लोकप्रिय चेहरा भी हैं.
उनके पास साइकोलॉजी में ऑनर्स के साथ बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc) की डिग्री है. मल्लिक ने गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से हायर एजुकेशन करने से पहले कोलकाता के मॉडर्न हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की. बंगाली एक्ट्रेस ने 2013 में निसपाल सिंह से शादी की. बाद में उन्होंने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से सक्रिय राजनीति में अचानक कदम रखा, जब ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा के लिए टीएमसी उम्मीदवार बनाया. उन्होंने 6 अप्रैल, 2026 को सांसद के तौर पर शपथ ली, लेकिन संसद में उनका समय कुछ ही महीनों तक चला और 16 जुलाई को उन्होंने इस्तीफा दे दिया.
कोयल मल्लिक को क्या बगावत का मिला पुरस्कार?
मल्लिक ने इस साल जुलाई में दिल्ली में राज्यसभा चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, ठीक तब जब उनकी पार्टी को राज्य चुनावों में बड़ा झटका लगा था और ममता बनर्जी की पार्टी हार गई थी. कोयल मल्लिक ने राज्यसभा के सासंद पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी. तब से ही अटकलें लगाई जा रही थी. इस बीच, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है. उससे पहले, एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि कोयल इस बार भाजपा की उम्मीदवार होंगी.







