
नईदिल्ली, कांग्रेस ने 26 नवंबर को लेकर अपनी बड़ी राजनीतिक तैयारी में अचानक बदलाव कर दिया है. पार्टी ने संविधान दिवस पर दिल्ली में प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च को फिलहाल टाल दिया है. पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राजधानी में बड़ा मार्च निकालने की तैयारी थी. इसमें प्रियंका गांधी समेत पार्टी के सभी सांसदों के शामिल होने की योजना थी. विपक्षी दलों के नेताओं और सांसदों के भी इस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी. लेकिन अब पार्टी ने अपना कार्यक्रम बदल दिया है. कांग्रेस 26 नवंबर को दिल्ली में जुटने के बजाय सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी. इस फैसले से पार्टी की आगे की रणनीति भी बदल गई है.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पार्टी नेताओं और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को सर्कुलर जारी किया है. इसमें बताया गया है कि 25 और 26 नवंबर को होने वाला ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम अब किसी दूसरी तारीख पर आयोजित किया जाएगा. फिलहाल इसकी नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. इसके बजाय 26 नवंबर को हर राज्य की राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकालने का निर्देश दिया गया है. साथ ही पार्टी अब हर बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैनात करने की तैयारी में है. इनकी जिम्मेदारी वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों की जांच करना होगा. यानी कांग्रेस का आंदोलन अब सिर्फ एक बड़े मार्च तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है.







