
रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर दौरे पर हैं। रविवार को उनकी मुलाकात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। हरियाणा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे हैं।
उद्योगपतियों के साथ चर्चा
सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने कई उद्योगपतियों से मुलाकात कर निवेश को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही सीएम ने कई संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक भी की। बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल और कई संस्थाओं के बीच उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से परिपूर्ण प्रदेश है। अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ ही प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है। इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

लीडरशिप डिनर में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय शाम को SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक अवसरों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
सीएम का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।







