ECI; छत्तीसगढ में 1,87,30,914 मतदाता, 2,34,994 मतदाताओं की वृद्धि, नवीनतम फोटोग्राफ के साथ मतदाता सूची का प्रकाशन - thepatrakar
केंद्र सरकार

ECI; छत्तीसगढ में 1,87,30,914 मतदाता, 2,34,994 मतदाताओं की वृद्धि, नवीनतम फोटोग्राफ के साथ मतदाता सूची का प्रकाशन

0 चार महीने तक चले निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण, 27,196 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांटा

रायपुर, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के साथ आज 21 फरवरी को सभी मतदान केंद्रों सहित प्रत्येक निर्धारित स्थानों पर निर्वाचक नामावली की अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। प्रदेश में कुल 1,87,30,914 मतदाता है। अंतिम सूची में 2,34,994 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।

यह निर्वाचक नामावली सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर भी उपलब्ध है, जहाँ मतदाता अपने विवरण की जाँच कर सकते हैं। प्रत्येक जिले में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की दो प्रतियां (1) फोटो युक्त प्रिंटेड और 1 बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी) निशुल्क साझा की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई।

एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01.10.2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से प्रपत्र 6 में नाम जोड़ने हेतु आवेदन प्राप्त किये गए हैं। सभी नागरिक अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन निम्नांकित वेबसाइट पर भी कर सकते हैं: वेबसाइट: https://ceochhattisgarh.nic.in वोटर पोर्टल: https://voters.eci.gov.in

यदि आपका नाम अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है, तो नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म 6 भरकर, उसके साथ घोषणा पत्र (Declaration) और आवश्यक सहायक दस्तावेज़ संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यदि अंतिम मतदाता सूची में दी गई जानकारी में कोई त्रुटि है, तो फॉर्म 8 भरकर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) (Special Intensive Revision) का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए 33 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROs), 1990 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs), 27,196 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) और 38,846 बूथ लेवल एजेंटों (BLAs) सहित कई स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही है। राज्य के मतदाताओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है। मीडिया, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रमुख आंकड़े और उपलब्धियांः

डिजिटलीकरणः कुल 2,12,30,737 मतदाताओं में से 1,84,95,920 मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण रूप से डिजिटलीकरण किया गया।

प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची से पहले: 2,12,30,737 मतदाता।

प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बादः 1,84,95,920 मतदाता।

निर्वाचक नामावली की अंतिम प्रकाशन के बाद 1,87,30,914 मतदाता।

प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में 2,34,994 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।

प्रक्रिया और पारदर्शिता

SIR की घोषणा के बाद से ही राज्य भर के 2,12,30,737 मतदाताओं को गणना फॉर्म के वितरण से लेकर भरे हुए गणना पत्रकों का डिजिटलीकरण का कार्य ‘मिशन मोड’ पर किया गया। इस दौरान जो गणना फॉर्म मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण वापस नहीं मिले, उनकी पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के बीच बैठकें आयोजित की गईं।

सभी जिलों में इन बैठकों के अंत में, जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर प्रकाशित की गई थी। यह निर्वाचक नामावली सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in  पर भी उपलब्ध है, जहाँ मतदाता अपने विवरण की जाँच कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button