
रायपुर, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत बस्तर जिले के लिए निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इस मामले में रायपुर जिले की कुल 34 राइस मिलों को अपर कलेक्टर की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसी क्रम में 24 नवंबर को कलेक्टर के निर्देश पर आरंग क्षेत्र के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल की जांच की गई। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने और निर्धारित समय-सीमा में अंतर जिला चावल जमा नहीं करने पर प्रशासन ने मिल को सील कर दिया।
34 राइस मिलों को नोटिस जारी
बस्तर जिले के लिए चावल जमा करने में देरी को लेकर प्रशासन ने संबंधित राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। रायपुर जिले की कुल 34 मिलों से जवाब मांगा गया था। इसके बाद प्रशासन ने मिलों की जांच की प्रक्रिया शुरू की। इसी कड़ी में कमल राइस मिल की जांच की गई, जहां अनियमितता मिलने और तय समय में चावल जमा नहीं करने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
रायपुर की मिलों पर 66 हजार क्विंटल से ज्यादा चावल बकाया
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक रायपुर जिले की राइस मिलों पर बस्तर जिले के लिए कुल 66,207.19 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है। इसमें 11,221.68 क्विंटल स्टेट पूल और 54,985.52 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है। इस तरह दोनों पूल का मिलाकर 66 हजार क्विंटल से अधिक चावल जमा होना बाकी है।
कमल राइस मिल पर 5,526.90 क्विंटल चावल बाकी
विभागीय सूची के अनुसार, मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल के नाम पर कुल 5,526.90 क्विंटल चावल जमा करना बाकी दर्ज है। इसमें 4,783.11 क्विंटल स्टेट पूल और 743.79 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है। प्रशासन ने 24 नवंबर को मिल की जांच के बाद अनियमितता पाए जाने और निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने पर उसे सील कर दिया।







