SALARY; दीपावली से पहले कर्मचारियों को अग्रिम वेतन भुगतान,साय सरकार का संवेदनशील निर्णय

रायपुर, दीपावली के शुभ अवसर पर राज्य शासन ने अपने शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए माह अक्टूबर 2025 का वेतन 17 एवं 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर वित्त मंत्री ओपी. चौधरी ने सभी विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे लिए शासन केवल तंत्र नहीं, बल्कि उन कर्मठ साथियों का परिवार है जो पूरे मन से जनता की सेवा में लगे हैं। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है कि सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी बने और हर घर में उजियारा तथा प्रसन्नता फैले।
वेतन भुगतान की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करने हेतु राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को भुगतान प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। राज्य शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मजदूरी, मानदेय एवं पारिश्रमिक जैसे अन्य मदों में भी नियमानुसार अग्रिम भुगतान किया जा सकेगा।
दीपावली के पूर्व वेतन भुगतान का आदेश जारी- शनिवार को भी कोषालय खुले रहेंगे–विजय झा
छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग ने आज एक आदेश जारी कर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की मांग को स्वीकार करते हुए प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को दीपावली पूर्व वेतन, मजदूरी, श्रम भुगतान करने का आदेश जारी कर दिया है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि इस आदेश से दीपावली के पूर्व समस्त ऐसे शासकीय सेवक जिन्हें राज्य शासन के कोष से वेतन,भत्ते, पारिश्रमिक आदि प्राप्त होते हैं वह दीपावली पूर्व प्राप्त हो जाएंगे। इसके लिए राज्य शासन ने शनिवार को समस्त कोषालय, उप कोषालय को खुला रखने का निर्देश जारी किया है। श्री झा ने कहा है कि इस कार्य के लिए कोषालयीन कर्मचारियों को एक दिन का विशेष बोनस दीपावली के रूप में अवकाश के दिन काम करने के लिए दिया जाना चाहिए।