रायपुर, राज्य के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में कर्मचारियों द्वारा शाम ढलते ही शराबखोरी की शिकायत आम है, लेकिन लम्बे समय बाद सख्त कार्यवाही की गई है। राजनांदगांव जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अंतगर्गत आने वाली शाखा मेढ़ा में पदस्थ प्रबंधक सुखदास केसरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. उन पर कार्यालय परिसर के भीतर शराबखोरी किये जाने का गंभीर आरोप लगा है.
जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की मेढ़ा शाखा में पदस्थ शाखा प्रबंधक सुखदास केसरी कार्यालय परिसर के भीतर शराब का सेवन कर रहे थे. इस आशय का एक फोटो वायरल हुआ था, जिसकी जानकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तक पहुंची तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लिया है. बताया गया है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बैंक कर्मचारी सेवा नियम के अनुसार कार्यालय स्थल पर शराब सेवन करना एक गंभीर कदाचार के साथ-साथ अनुशासन का उल्लंघन है. इससे बैंक की छवि और कार्य संस्कृति भी प्रभावित होती है.
शिकायत को देखते हुए केसरी को निलंबित कर प्रधान कार्यालय राजनांदगांव में संलग्न कर दिया गया है और मेढ़ा शाखा का सभी प्रकार के प्रभार सहायक प्रबंधक रविन्द्र कुमार साहू को सौपे जाने की जानकारी मिली है. इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुधीर सोनी ने बताया कि शिकायत पर सुखदास केसरी को निलंबित किया गया है.







