CRICKET; भारत ने छठी बार जीता U19 वर्ल्ड कप, वैभव सूर्यवंशी की ‘सुनामी’ में उड़े अंग्रेज

नईदिल्ली, टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में आयुष म्हात्रे की कप्तानी में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम किया. टूर्नामेंट में अब तक अपराजेय रही दोनों टीमें ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरी थीं. लेकिन, वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के दम पर भारत ने 411 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर सिमट गई.

वैभव की 175 रनों की तूफानी पारी
वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे. वैभव ने आज इस पारी में कई रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए. भारत की तरफ से आयुष म्हात्रे ने 53, अभिज्ञान कुंडु ने 40, विहान मल्होत्रा ने 30, वेदांत त्रिवेदी ने 32 और कनिष्क चौहान ने 37 रनों की उपयोगी पारी खेली.
फॉकनर ने खेली 115 रनों की पारी
दूसरी तरफ, पहाड़ से स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को अंबरीश ने शुरू में ही झटका दे दिया था. इसके बाद मेस (45), डॉकिंस (66) ने टीम को संभाला लेकिन, रन गति अच्छी होने के बावजूद इंग्लैंड की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. एक वक्त 177 रनों पर टीम ने 7 विकेट गंवा दिए थे और लगने लगा था कि अब महज औपचारिता शेष है, लेकिन फॉकनर ने मिंटो के साथ अच्छी साझेदारी की. 412 रनों का टारगेट हासिल करना आसान नहीं था.
इंग्लैंड की तरफ से फॉकनर ने 115 रनों की शानदार पारी खेली और आखिरी बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए. भारत की तरफ से अंबरीश ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. इसके पहले, भारत ने पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. इस तरह 2026 की इस खिताबी जीत ने भारत को छठी बार चैंपियन बनाया है.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), एरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन
इंग्लैंड: थॉमस रियू (कप्तान), बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूरस, बेन मेयस, केबिल फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स ग्रीन




