
चैन्नई, तमिलनाडु के तट पर मछुआरों के जाल में फंसी एक रहस्यमयी और विशाल मछली ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। इसे ‘प्रलय की मछली’ के नाम से भी जाना जाता है जिसकी लंबाई करीब 30 फीट तक हो सकती है।

समुद्रों की गहराइयों में आज भी कई ऐसे रहस्यमयी जीव बसे हैं, जिनके बारे में इंसान बहुत कम जानता है। इन्हीं में से एक है ओअरफिश, जिसे दुनिया ‘डूम्सडे फिश’ यानी ‘प्रलय की मछली’ के नाम से भी जानती है। इसकी झलक बहुत दुर्लभ होती है, लेकिन जब भी ये सतह पर नजर आती है, तो डर और अटकलों का सैलाब साथ लाती है।
हाल ही में तमिलनाडु के समुद्री तट पर मछुआरों ने इस अनोखी मछली को पकड़ा। इसकी चमचमाती सिलवरी बॉडी, लहराती हुई आकृति और सिर के पास की लाल कंगी जैसी फिन ने सभी को हैरत में डाल दिया। ओअरफिश की लंबाई 30 फीट तक जा सकती है और ये समुद्र की 200 से 1000 मीटर गहराई में रहती है। इसलिए इसका सतह पर आना न सिर्फ दुर्लभ है, बल्कि चौंकाने वाला भी।
ओअरफिश को लेकर वर्षों से एक मान्यता चली आ रही है कि इसके दिखने का मतलब होता है किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा का आना। इसकी सबसे चर्चित घटना जापान में 2011 की है, जब भयानक भूकंप और सुनामी से पहले कई ओअरफिश समुद्र किनारे मरी हुई मिली थीं। इसके बाद से ये विश्वास और मजबूत हुआ कि इस मछली का जमीन के नीचे होने वाली हलचलों से कोई रहस्यमय रिश्ता हो सकता है। वहीं जापानी मान्यताओं के अनुसार, ओअरफिश की गहराई से सतह पर आमद इस बात का इशारा होती है कि समुद्र के नीचे कुछ बड़ी हलचल हो रही है। वहां इसे प्राकृतिक चेतावनी के रूप में देखा जाता है।