WELCOME; बीएसएफ में चयनित जवान अशोक साव का स्वागत, बाजे-गाजे के साथ निकली रैली

महासमुंद, जिले के सरायपाली अनुभाग के ग्रामीण इलाके में भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) में चयनित होकर सख्त प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात जवान अशोक साव के प्रथम आगमन पर क्षेत्र में हर्ष, गर्व और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर फुलझर डिफेंस एकेडमी द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।
एकेडमी परिसर में आयोजित स्वागत समारोह के उपरांत जवान अशोक साव के सम्मान में एक बाइक रैली निकाली गई, जो पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ उनके पैतृक ग्राम रेहटीखोल तक पहुँची। यह रैली केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि क्षेत्र की युवा शक्ति के संकल्प, देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत प्रतीक बन गई।
रैली एवं सम्मान समारोह के दौरान डीजे, गाजे-बाजे, साल श्रीफल , पुष्पवर्षा एवं देशभक्ति गीतों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। चारों ओर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशप्रेम की भावना से गूंज उठा। ग्रामवासियों ने जवान अशोक साव का पारंपरिक तिलक कर, पुष्पमालाएँ पहनाकर आत्मीय सम्मान किया। समारोह के अंत में ग्रामवासियों एवं अतिथियों ने जवान अशोक साव के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु एवं सफल राष्ट्रसेवा की मंगलकामनाएँ करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
इस दौरान फुलझर डिफेंस एकेडमी के संचालक धर्मेन्द्र चौधरी (भूतपूर्व सैनिक) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में विद्याभूषण सतपथी, शेषाचार्य महाराज, सीता सतपथी एवं भूतपूर्व सैनिक संघ से राजेश प्रधान, ओमप्रकाश साहू, आर्मी एडवेंचर ट्रेनर पुरुषोत्तम डडसेना, मनोज सोनी, विजय प्रधान की उपस्थिति रही।




