राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ग्राम ईटार के पास स्थित साल्हेवारा बांध में रविवार को नहाने गए तीन बच्चों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया। घटना से गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम ईटार के पास साल्हेवारा बांध में तनिश डहारे (9) और समीर सोनवानी (12) अपने साथी 13 वर्षीय कुलेश्वर सोनवानी के साथ नहाने गए थे। इस दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से तनिश और समीर डूब गए। वहीं कुलेश्वर पानी में बहते हुए झाड़ियों में फंस गया और किसी तरह बाहर निकलकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल पहुंचकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसा गहरे पानी में चले जाने के कारण बताया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को जलाशयों और बांधों के पास अकेले न जाने दें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





