रायपुर, बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। व्यापमं द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून को आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विद्यार्थी 27 अप्रैल को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसमें 28 से 30 अप्रैल तक सुधार किया जा सकेगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे होगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा के लिए सभी 33 जिला मुख्यालयों में केन्द्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पद्धति से किया जाएगा। शासन के नियमानुसार राज्य के स्थानीय अभ्यर्थी जो परीक्षा में सम्मिलित होते हैं, उनका परीक्षा शुल्क व्यापमं द्वारा वापस किया जाएगा।







