रायपुर, छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राज्य में खाद की कीमतों को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बड़ा बयान सामने आया है. मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट की वजह से फर्टिलाइजर की कीमत बढ़ सकती है. उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए. मंत्री ने आगे कहा कि खाद बाहर से आता है, हमारे यहां उत्पादन नहीं होता. हमें जैविक, प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए.
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण उर्वरक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, जिसका असर डीएपी और अन्य फास्फेटिक उर्वरकों की कीमतों पर पड़ सकता है। मूल्य वृद्धि की आशंका के बावजूद, मंत्री रामविचार नेताम ने दावा किया है कि राज्य में खाद का कोई संकट नहीं है और प्रदेश के गोदामों में आगामी खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है।
मंत्री ने किसानों से रासायनिक खाद के स्थान पर जैविक खेती और नैनो यूरिया/नैनो DAP (Nano Fertilizers) का उपयोग करने की अपील की है, ताकि कम लागत पर अधिक उत्पादन हो सके। उन्होंने उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जेल भेजने की चेतावनी दी है। खरीफ 2026 के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य आवंटित किया है।







