भोपाल, एमपी में नवविवाहित दुल्हनों की संदिग्ध मौत का एक दर्दनाक और खौफनाक सिलसिला शुरू होता दिखाई दे रहा है. राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा के बाद अब ग्वालियर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 साल की नवविवाहिता पलक रजक ने शादी के एक साल बाद ससुराल में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. मृतक पलक रजक की शादी 14 अप्रैल 2025 में हुई थी.
पलक की मां का आरोप
पलक की मां का आरोप है कि मेरी बेटी मुझे हमेशा बताती थी कि उसके ससुराल वाले उसे मारते-पीटते हैं और ताने भी देते हैं. हम लोग समाज के डर और रिश्ता ना टूट जाए इसी जाल में फंसे रहे और हमने कानून का सहारा नहीं लिया. हमारी इसी चुप्पी ने आज हमारी बेटी की जान ले ली. पलक की मां ने कहा कि मौत से करीब 30 मिनट पहले ही पिता को आखिरी कॉल किया था और उसने कहा था कि पापा ससुराल में मुझसे कोई भी बात नहीं करता है. तीन दिन से खाना भी नहीं खाया है. ससुराल वाले कार और सोने की चैन मांगते हैं. लगातार मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है. मुझे यहां से ले जाओ नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे. इस बातचीत के 20 मिनट बाद ही पलक के पति अमित का फोन आया और बातया कि पलक ने फांसी लगा ली. पलक की मां का कहना है कि हमने पलक के ससुराल वालों की सभी मांगे पूरी की थी, लेकिन ब्रेजा गाड़ी के लिए उसे प्रताड़ित करते रहे.
पिता ने लगाए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
पलक की मौत के मामले में उसके पिता मोहर सिंह ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पलक का ससुर सरकारी नौकरी में होने के कारण अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है. मोहर सिंह के मुताबिक, जब भी वे बेटी के ससुराल जाकर समझाने की कोशिश करते थे, कुछ दिन तक माहौल शांत रहता, लेकिन बाद में फिर से पलक के साथ मारपीट शुरू हो जाती थी. उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी और बेटी को ऐसी यातना न झेलनी पड़े.

मामले पर क्या बोली पुलिस?
वहीं, इस मामले में ग्वालियर के एसपी सिटी ने बताया कि घटना 12 मई को मुरार थाना इलाके में सामने आई थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. गंभीर हालत में पलक को पहले मुरार अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद परिजनों के आग्रह पर उसे बिरला अस्पताल रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर स्त्रीधन रोकने, ब्रेजा कार की मांग करने और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने जैसे आरोप लगाए हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







