
नई दिल्ली, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर 2026 को दिल्ली में राष्ट्रव्यापी शांतिपूर्ण विरोध मार्च का ऐलान किया है। पार्टी ने भारत सरकार पर युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। CJP के मुताबिक, 25 जुलाई को सरकार की ओर से किए वादों के बाद देशभर में चल रहे युवा विरोध प्रदर्शनों को भरोसे के साथ वापस लिया गया था। पार्टी का कहना है कि अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया है। इसी के विरोध में 5 सितंबर को मार्च निकाला जाएगा।

इंडिया गेट से शुरू होगा मार्च
CJP के अनुसार, शांतिपूर्ण मार्च 5 सितंबर को नई दिल्ली के इंडिया गेट से शुरू होगा। प्रदर्शनकारी यहां से नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर आगे बढ़ेंगे। पार्टी ने इसे शांतिपूर्ण विरोध के तौर पर आयोजित करने की बात कही है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्रों, युवाओं और युवा संगठनों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। CJP ने बताया कि मार्च का नेतृत्व NEET परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों और पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के परिवार करेंगे। पार्टी के मुताबिक, इन परिवारों के साथ छात्र और युवा संगठन भी मार्च में शामिल होंगे। इसके अलावा देशभर से युवा नागरिकों के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।
सरकार से वादे पूरी करने की मांग
पार्टी ने कहा कि 25 जुलाई के बाद देशव्यापी युवा विरोध प्रदर्शनों को सद्भावना और भरोसे के आधार पर वापस लिया गया था। CJP का आरोप है कि सरकार ने युवाओं के साथ किए गए वादों का सम्मान नहीं किया। पार्टी ने कहा कि 5 सितंबर का मार्च इसी मुद्दे को उठाने के लिए होगा। CJP ने इसे राष्ट्रव्यापी शांतिपूर्ण विरोध के रूप में पेश किया है।







