
रायपुर, छत्तीसगढ़ भाजपा ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए नए संयोजक, सहसंयोजक और प्रभारियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति के बाद यह नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी की ओर से जारी आदेश के बाद अब इन प्रकोष्ठों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी ने कुल 15 प्रकोष्ठों से जुड़ी जिम्मेदारियों का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है। इसमें अलग-अलग प्रकोष्ठों के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा संगठन में प्रकोष्ठों की भूमिका काफी अहम मानी जाती है। अलग-अलग सामाजिक, व्यावसायिक और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच पार्टी की गतिविधियों को पहुंचाने में इन प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।








