
0 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अगस्त माह में विशेष टिकट जांच अभियान
बिलासपुर/रायपुर –दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने, रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से अगस्त माह में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों रेल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपूर में ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सघन एवं प्रभावी टिकट जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 60,822 अनियमित एवं बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा उनसे ₹4,19,31,888/- का जुर्माना वसूल किया गया।
विशेष टिकट जांच अभियान के माध्यम से यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। साथ ही, बिना उचित टिकट के अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार लगेज बुक कराने के लिए प्रेरित किया गया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध एवं उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा निर्धारित सीमा से अधिक लगेज होने पर उसकी नियमानुसार बुकिंग कराएं। टिकट जांच अभियान यात्रियों की सुविधा, रेलवे नियमों के अनुपालन तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा।
*रायपुर-भाटापारा सेक्शन में मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग में 142685 रूपये की आय
यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से 01 सितम्बर, 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के स्टेशनों एवं ट्रेनों में रेलवे मजिस्ट्रेट श्री मयंक सोनी के साथ में टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया । इस अभियान में मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री राकेश सिंह के साथ में उप मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग), 13 टिकट चेकिंग स्टाफ, 04 रेलवे सुरक्षा बल के जवान एवं 06 जीआरपी स्टाफ शामिल थे। यह चेकिंग अभियान 05 ट्रेनों में एवं रायपुर- भाटापारा सेक्शन में चलाया गया। इस मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान में कुल 250 मामलों से 142685/- रुपये बतौर जुर्माना राजस्व प्राप्त हुआ । इसमें बिना टिकट के 109 मामलों से 90500/- रूपये एवं अनियमित टिकट के 65 मामलों से 42685/- रुपए अनबुक्ड लगेज के 75 मामलों से 8500/- रुपए, गंदगी फैलाने वाले 01 मामले से 1000/- रूपये राजस्व प्राप्त हुआ।







