
मुम्बई, महाराष्ट्र के मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने 4 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन में ट्रेन के अंदर से गिरफ्तारी होने की जानकारी सामने आ रही है. कोटा में पकड़े गए तीनों संदिग्ध मुंबई से नेपाल भागने की फिराक में थे. लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबे को सफल नहीं होने दिया. इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया. जबकि एक संदिग्ध महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर से दबोचा गया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपियों में 2 हरियाणा, 1 बिहार और 1 महाराष्ट्र का रहने वाला है. पहला संदिग्ध आरोपी फूल सिंह पिता नरेश हरियाणा का रहने वाला है. दूसरा संदिग्ध रितिक कुमार पिता रामू महतो बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है. तीसरा संदिग्ध रेहान पिता रिशुद्दीन अनसारी हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. वहीं, चौथे संदिग्ध की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है.
घटना में शामिल बाइक भी जब्त
बता दें, पुलिस ने इस मामले में अब तक आरोपियों को हिरासत में लिए जाने के साथ ही घटना में शामिल पल्सर बाइक को भी जब्त कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है. दो हमलावरों की पहचान पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से की थी. लगातार दबिश देने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची है.
आरोपियों से पूछताछ जारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी पुणे से जयपुर आने वाली ट्रेन पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से जा रहे थे. उनकी ट्रेन में सवार होने की सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी. जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और जैसे ही ट्रेन 10 बजकर 15 मिनट पर कोटा जंक्शन पर पहुंची. आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों से कोटा शहर पुलिस कार्यालय में बैठाकर पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद ही हमले की सही वजह सामने आने की संभावना है.
घर लौटते समय हुई थी फायरिंग
यह घटना रविवार की शाम की है. जब टाइगर श्रॉफ फुटबाल खेलकर अपने घर के लिए लौट रहे थे. इसी दौरान उन पर हमला हो गया. हमलावरों ने उन पर करीब 7 राउंड फायरिंग की थी. गनीमत रही कि टाइगर बाल-बाल बच गए. इस घटना के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे.
कौन है बिश्नोई गैंग का गुर्गा अनिल पंडित?
इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने ली है. एक ऑडियो क्लिप जारी करके उसने कहा कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उस हर शख्स को निशाना बनाया जाएगा. अनिल पंडित, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा है. वह मूल रूप से हरियाणा के पानीपत में रहने वाला है. अब तक उस पर कोई मामला दर्ज नहीं है और ना ही उसका नाम किसी बड़े क्राइम में सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2024 में पंडित डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था. इसके बाद वह बिश्नोई गैंग से जुड़ा गया. बताया जाता है कि उसने गैंग के पुराने मेंबर रणदीप मलिक की जगह ली है और लगातार लॉरेंस के नाम पर धमकियां देता है. जानकारी के मुताबिक उसे सीधे लॉरेंस बिश्नोई से ऑर्डर नहीं मिलते हैं.अनिल पंडित का मुख्य संचालक हरी चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर है. हैरी 2022 से अमेरिका में रहकर काम कर रहा है. इस पर भारत में रंगदारी और जानलेवा हमला समेत कई मामले दर्ज हैं.
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग
साल 2024 में मुंबई स्थित ग्लैक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई थी. इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली थी. बाइक सवार आरोपियों ने दो राउंड गोलियां चलाई थीं. काला हिरण मामले में बिश्नोई गैंग की ओर से सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है.







