
नईदिल्ली, एजेंसी, भारत और न्यूजीलैंड के बीच माउंट माउंगानुई में खेले गए चौथे वनडे मैच में टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर बुरी तरह बिखरा नजर आया. मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली की फ्लॉप साबित हुई. दोनों ही बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. इसके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर भी गोल्डन डक पर आउट हो गए. इस निराशाजनक प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया ने कुछ अनचाहे शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
माउंट माउंगानुई में खेले गए चौथे वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने 244 रनों से जीत दर्ज कर ली है. इस जीत के साथ पांच मैचों की इस वनडे सीरीज में कीवी टीम ने 2-1 से वापसी कर ली है. बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विल यंग की शतकीय पारी के दम पर भारत के सामने 334 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में भारतीय टॉप ऑर्डर के फ्लॉप शो के चलते टीम इंडिया 89 रनों पर ही सिमट गई.

भारत के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर खाता भी नहीं खोल सके. न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने घातक गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. इस मैच में हेनरी ने 6 विकेट लेकर मेजबान टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
पहले ही ओवर में गंवाए 3 विकेट
न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारत को 3 बड़े झटके दिए. सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 1 गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. विराट कोहली 4 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. रो-को के फ्लॉप शो के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी गोल्ड डक पर आउट हो गए.
52 सालों में पहली बार हुआ ऐसा
भारतीय वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब पारी के पहले ही ओवर में टीम इंडिया के 3 बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए हो. इसके अलावा करीब 16 साल बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली एक ही वनडे मैच में जीरो पर आउट हुए हैं. इससे पहले साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में खेले गए वनडे मैच में ये दोनों खिलाड़ी डक पर आउट हुए थे. रोहित और विराट अपने वनडे करियर में दूसरी बार एक ही मैच में बिना खाता खोले आउट हुए हैं.
10 रन के अंदर गंवाए 4 विकेट
इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह केवल पांचवां मौका है जब किसी टीम ने बिना कोई रन बनाए अपने शुरुआती 3 विकेट खो दिए हैं. इससे पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के साथ ऐसा हो चुका है. इसके अलावा यह दूसरा मौका है जब भारत ने किसी वनडे मैच में 10 रन के अंदर अपने शुरुआती चार विकेट खो दिए हो. इससे पहले 1983 के वर्ल्ड कप में टनब्रिज वेल्स में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मशहूर मैच में भी भारत की स्थिति बिल्कुल ऐसी ही थी, जहां उनका स्कोर 9 रन पर 4 विकेट हो गया था.







