
रायपुर, छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 540 करोड़ रुपये से अधिक के कथित कोयला लेवी घोटाले में एक और वरिष्ठ IAS अधिकारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जांच एजेंसियों ने पूर्व खनिज संचालक जयप्रकाश मौर्य को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। EOW और ACB के छठे पूरक चालान में नाम शामिल होने के बाद अब मौर्य ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
बिलासपुर हाईकोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने राज्य शासन से जवाब मांगा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि तत्कालीन खनिज संचालक रहते हुए जयप्रकाश मौर्य ने कोयला लेवी वसूली के कथित सिंडिकेट को फायदा पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन पर मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से करीब एक करोड़ रुपये नकद रिश्वत लेने का भी आरोप लगाया गया है।
छठे पूरक चालान में शामिल किया गया IAS का नाम
इस मामले में EOW और ACB ने 5 अक्टूबर 2026 को विशेष अदालत में छठा पूरक चालान पेश किया था। इसी चालान में पूर्व खनिज संचालक और IAS अधिकारी जयप्रकाश मौर्य का नाम भी शामिल किया गया है। जांच एजेंसियों ने कथित तौर पर जब्त डायरियों, डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मौर्य की भूमिका को लेकर आरोप लगाए हैं।
जेंसी का दावा है कि तत्कालीन खनिज संचालक रहते हुए उन्होंने कोयला परिवहन से जुड़ी ऐसी प्रशासनिक व्यवस्थाओं में भूमिका निभाई, जिनका फायदा कथित अवैध वसूली के नेटवर्क को मिला। पूरक चालान में मौर्य पर करीब एक करोड़ रुपये नकद रिश्वत लेने का आरोप भी लगाया गया है। यह रकम कथित तौर पर कोयला लेवी घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से ली गई थी। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसी की ओर से लगाए गए हैं। इनकी न्यायिक पुष्टि होना बाकी है।
मौर्य पर क्या हैं आरोप?
जांच एजेंसी के मुताबिक, जयप्रकाश मौर्य जब खनिज संपदा विभाग के संचालक थे, उस दौरान राज्य में कोयला और आयरन पैलेट के परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं में बदलाव किए गए थे। एजेंसी का आरोप है कि इन बदलावों से कथित वसूली सिंडिकेट को काम करने में मदद मिली। चालान में उल्लेख किया गया है कि कोयला परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन और आयरन पैलेट यानी लौह अयस्क के परिवहन पर 100 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित था। जांच एजेंसी का दावा है कि इस व्यवस्था को लागू करने और सुचारू रूप से चलाने में मौर्य की अहम भूमिका थी। आरोप है कि सिंडिकेट के जरिए वसूली की रकम का नेटवर्क खड़ा करने के लिए खनिज परिवहन से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं में बदलाव किए गए। एजेंसी अब इन फैसलों और कथित अवैध वसूली के बीच संबंधों की जांच कर रही है।
सूर्यकांत तिवारी से एक करोड़ रुपये लेने का आरोप
कोयला लेवी घोटाले में सूर्यकांत तिवारी को प्रमुख आरोपी और कथित सिंडिकेट का किंगपिन बताया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, कोयला परिवहन से जुड़े कारोबारियों और अन्य लोगों से अवैध वसूली के लिए एक संगठित नेटवर्क बनाया गया था। इसी मामले में जयप्रकाश मौर्य पर सूर्यकांत तिवारी से करीब एक करोड़ रुपये नकद लेने का आरोप लगाया गया है। एजेंसी का दावा है कि जब्त डायरियों और अन्य साक्ष्यों से इस कथित लेन-देन से जुड़े संकेत मिले हैं। हालांकि, इस रकम के लेन-देन और उसमें मौर्य की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष अदालत में पेश साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।
हाई कोर्ट पहुंचे जयप्रकाश मौर्य, सरकार से मांगा गया जवाब
पूरक चालान में नाम आने के बाद IAS जयप्रकाश मौर्य ने अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। बिलासपुर हाई कोर्ट में इस याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य शासन से जवाब मांगा गया है।अग्रिम जमानत का उद्देश्य गिरफ्तारी की आशंका की स्थिति में कानूनी राहत प्राप्त करना होता है। अब इस मामले में राज्य शासन का जवाब और अदालत की आगे की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी। मौर्य को राहत मिलती है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी। वहीं, जांच एजेंसियों की ओर से लगाए गए आरोपों पर अदालत में होने वाली सुनवाई से मामले की आगे की दिशा भी तय हो सकती है।
EOW-ACB की जांच में 36 से ज्यादा आरोपी
राज्य की जांच एजेंसी EOW और ACB ने भी इस मामले में अलग से कार्रवाई की है। एजेंसी की FIR में पूर्व मंत्री, विधायक, IAS अधिकारी और कोयला कारोबारियों समेत 36 से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इस मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अलग-अलग आरोपियों की भूमिका, कथित वसूली के नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन को लेकर जांच जारी है।
रानू साहू से सौम्या चौरसिया तक कई बड़े नाम आ चुके हैं जांच के दायरे में
कोयला लेवी घोटाले की जांच के दौरान छत्तीसगढ के कई चर्चित नाम सामने आए हैं। इनमें निलंबित IAS अधिकारी रानू साहू, समीर विश्नोई, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया और मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी और निखिल चंद्राकर के नाम भी इस मामले में सामने आ चुके हैं। पूर्व विधायक देवेंद्र यादव और चंद्रदेव राय भी जांच के दायरे में रहे हैं। इनमें से कुछ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि कुछ को अलग-अलग मामलों में जमानत मिली है। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क में कथित तौर पर शामिल लोगों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं।







