
0 थाना प्रभारी सस्पेंड, SDOP को जांच की जिम्मेदारी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुआ पकड़ने गई पुलिस को देखकर तालाब में कूदे एक ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने मृतक के परिवार को 9 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ बच्चों की शिक्षा और रोजगार में मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। वहीं मामले में रिश्वत लेने के आरोप सामने आने के बाद हसौद थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव की है। दो दिन पहले देर रात हसौद पुलिस जुआ पकड़ने के लिए गांव पहुंची थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे कुछ ग्रामीणों ने तालाब में छलांग लगा दी। इस दौरान महेश केंवट नाम का एक ग्रामीण तालाब से बाहर नहीं निकल पाया। काफी तलाश के बाद बुधवार सुबह उसका शव तालाब से बरामद किया गया।
पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप
शुरुआत में इस घटना को पुलिस की दहशत के चलते हुई मौत के रूप में देखा जा रहा था। लेकिन मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब मौके पर पंचनामा करने पहुंची टीम के सामने जुआ खेल रहे एक अन्य ग्रामीण ने पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया। ग्रामीण ने बताया कि हसौद पुलिस ने उसे पकड़ने के बाद छोड़ने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने पैसे लेकर उसे छोड़ दिया। इस बयान के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
थाना प्रभारी सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी डभरा एसडीओपी को सौंपी गई है। पुलिस अब ग्रामीण की मौत और रिश्वत लेने के आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चक्काजाम के बाद परिवार को 9 लाख मुआवजे का आश्वासन
महेश केंवट की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सुबह से शाम तक दोषियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर सड़क पर बैठे रहे। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उनसे बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों ने मृतक के परिवार को 9 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ ही बच्चों की शिक्षा और रोजगार में मदद का आश्वासन दिया। इसके अलावा मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।







