
रायपुर. छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का रायपुर दौरा तय हो गया है. वह सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी और दो दिनों तक प्रदेश में रहकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगी. इस दौरान कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार बैठकों का आयोजन होगा. बैठकों में आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और नेताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा होने की संभावना है.
प्रदेश भाजपा करीब आठ महीने बाद नया प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी मिला है. नियुक्ति के बाद से ही स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर चर्चा चल रही थी. अब उनका कार्यक्रम तय होने के बाद प्रदेश संगठन ने स्वागत और बैठकों की तैयारियां शुरू कर दी हैं. 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचने पर विमानतल में उनका स्वागत किया जाएगा.
मुख्यमंत्री, मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक
दौरे के पहले दिन से ही बैठकों का सिलसिला शुरू होगा. प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और संगठन के अन्य महामंत्रियों के साथ प्रारंभिक बैठक होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी.बैठकों में प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के अलावा संभाग और जिला प्रभारी, सह प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तथा प्रकोष्ठों के संयोजक और सह संयोजक भी शामिल होंगे. संगठन की कार्यप्रणाली और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अलग-अलग स्तर पर समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक भी आयोजित होगी. (Smriti Irani Raipur Visit CG BJP)
पुराने दिग्गज नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी के दौरे में उन वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनके पास फिलहाल संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं है. ऐसे नेताओं के साथ अलग से बैठक कर वन-टू-वन चर्चा की जाएगी. इसमें उनके अनुभव और संगठनात्मक भूमिका को लेकर विचार-विमर्श हो सकता है. पार्टी का आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर रहेगा. ऐसे में वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने और उनकी भूमिका तय करने को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है.







