0 सुशासन तिहार के अंतिम शिविर में शामिल हुईं प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक
महासमुंद, सुशासन तिहार के तहत जिले में आयोजित अंतिम समाधान शिविर में आज प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक शामिल हुईं। नगर के टाउन हॉल में आयोजित इस शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती बारिक ने गर्भवती माताओं एवं बच्चों को सुपोषण टोकरी वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए संचालित गतिविधियों की सराहना की।

निर्माणाधीन जिला पुस्तकालय भवन का निरीक्षण
छत्तीसगढ़ शासन गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने आज महासमुंद प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन जिला पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय भवन की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। प्रभारी सचिव श्रीमती बारिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला पुस्तकालय का कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसे आगामी 15 अगस्त से पूर्व आमजन, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रारंभ किया जाए। उन्होंने पुस्तकालय में सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने तथा संचालन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें – प्रभारी सचिव
सुशासन तिहार 2026 के क्रियान्वयन एवं आमजन से प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण की समीक्षा हेतु आज छत्तीसगढ़ शासन गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों, शिकायतों एवं मांगों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।







