
नईदिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को हवाई किराया बढ़ाए जाने के मामले में तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है. लेकिन इस दौरान टिप्पणी करते हुए कहा कि हवाई यात्रा न करें. सुप्रीम कोर्ट के इस बयान को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के सौरभ दास ने नाराजगी जताई है. इस दौरान उन्होंने यह तक कह दिया कि इन्हीं सिस्टम ने उन्हें कॉकरोच बनाया है. जानें सौरभ दास ने क्या कहा और क्या है मामला?
सुप्रीम की हवाई किराया बढ़ाए जाने के मामले में टिप्पणी करने के बाद सौरभ दास ने नाराजगी जताई और अपने सोशल मीडिया पर एक खबर शेयर करते हुए लिखा, क्या जहरीले वायु प्रदूषण का सामना कर रहे हैं? तो सांस मत लीजिए. क्या सड़कों पर गड्ढों का सामना कर रहे हैं? तो पैदल मत चलिए. क्या पेट्रोल की भारी कीमतों का सामना कर रहे हैं? तो निजी वाहन का इस्तेमाल मत कीजिए. क्या पेपर लीक का सामना कर रहे हैं? तो परीक्षा मत दीजिए.
सिस्टम ने बनाया कॉकरोच
उन्होंने आगे लिखा, क्या ‘गोदी मीडिया’ समाज को बांट रहा है? तो टीवी मत देखिए. क्या ढोंगी बाबा धर्म के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं? तो उनके पास मत जाइए. क्या बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं? तो नौकरी मत ढूंढिए. यही वह सिस्टम है जिसने हमें कॉकरोच बना दिया है.
क्या है मामला?
दिवाली त्योहार से पहले ही हवाई किराया करीब 700 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है. इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट अभिनव ने याचिका दायर करते हुए सुप्रीम कोर्ट को सुनवाई करने के लिए कहा. उन्होंने तर्क दिया कि हवाई यात्रा एक जरूरी सेवा है और किराए में इतनी भारी बढ़ोतरी संविधान के अनुच्छेद-14 का उल्लंघन है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई की जगह कहा हवाई यात्रा न करें. जिसके बाद से सीजेपी हमलावर है.







