
0 नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
रायपुर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई अपने स्थाई परिसर स्थित नालंदा हॉल में 24 अक्टूबर 2026 को अपना छठा दीक्षांत समारोह आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। नीति आयोग के पूर्व सदस्य, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (DDR&D) के पूर्व सचिव, डीआरडीओ (DRDO) के पूर्व महानिदेशक तथा रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे। आईआईटी भिलाई के गवर्निंग बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार विजय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इस दीक्षांत समारोह में वर्ष 2026 के उत्तीर्ण बैच के कुल 313 विद्यार्थियों को उपाधियां (डिग्री) प्रदान की जाएंगी। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 19 पीएचडी, 37 एम.एससी., 79 एम.टेक., 8 बी.टेक. (ऑनर्स) और 170 बी.टेक. के छात्र शामिल हैं। शैक्षणिक और सर्वांगीण उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिए अपने बैच में सर्वोच्च सीजीपीए हासिल करने वाले बी.टेक. छात्र को ‘इंसटीट्यूट गोल्ड मेडल’ से सम्मानित किया जाएगा। शैक्षणिक और पाठ्येतर (एक्स्ट्रा-करिकुलर) दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बी.टेक. और एम.टेक. छात्रों को ‘डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल’ प्रदान किए जाएंगे, साथ ही बी.टेक., बी.टेक. (ऑनर्स) और एम.एससी. में समग्र शैक्षणिक उत्कृष्टता प्रदर्शित करने वाली सर्वश्रेष्ठ छात्रा को ‘डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल फॉर आउटस्टैंडिंग फीमेल स्टूडेंट’ से नवाजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न शाखाओं और पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च सीजीपीए प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ‘सीनेट अवार्ड्स’ प्रदान किए जाएंगे।
डिजिटल डिग्री प्रमाण पत्र
भारत सरकार की ‘डिजिटल इंडिया’ पहल तथा पर्यावरण-अनुकूल व टिकाऊ संचालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, आईआईटी भिलाई अपने विद्यार्थियों को डिजिटल डिग्री प्रमाण पत्र भी प्रदान करता है—जो भारत के किसी शैक्षणिक संस्थान में अपनी तरह की पहली अनूठी पहल है। अधिकृत हस्ताक्षरकर्ताओं द्वारा डिजिटली हस्ताक्षरित यह डिग्री प्रमाण पत्र दीक्षांत समारोह के दिन विद्यार्थियों को पेन-ड्राइव में प्रदान किया जाएगा।
आईटी पार्क
7 अगस्त 2016 को स्थापित आईआईटी भिलाई ने वर्षों में तीव्र बुनियादी ढांचे का विस्तार देखा है। संस्थान की आधारशिला 14 जून 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी गई थी, जिन्होंने बाद में 20 फरवरी 2024 को संस्थान के अत्याधुनिक स्थाई परिसर को राष्ट्र को समर्पित किया और 27 सितंबर 2025 को एक वर्चुअल समारोह में आईआईटी भिलाई के फेज-बी निर्माण की आधारशिला रखी। संस्थान के अनुसंधान और नवाचार के दायरे में एक और मील का पत्थर जोड़ते हुए, छत्तीसगढ़ सरकार और नगर निगम दुर्ग के साथ एक सहयोगात्मक पहल के रूप में आईआईटी भिलाई द्वारा विकसित आईटी पार्क का उद्घाटन 31 मई 2026 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया गया था, जो राज्य में प्रौद्योगिकी, नवाचार, उद्यमिता, अनुसंधान और रोजगार सृजन के लिए एक विश्वस्तरीय पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है।







