रायपुर, अक्सर अपराधियों को पकड़ने जब पुलिस पहुंचती है तो विरोध का सामना करना पड़ता है. ऐसा ही कुछ उत्तरप्रदेश के कौशांबी जिले में देखने को मिला. जहां एक वारंटी की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ही ग्रामीणों ने हमला बोल दिया. चोर होने की अफवाह फैलने के बाद उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया. जिसमें एक सिपाही घायल हो गया. गांजा तस्करी के मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हुए इस हमले के बाद स्थानीय पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में वांछित शिवम केसरवानी और सिराथू निवासी आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ एनडीपीएस कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था. दोनों आरोपियों की तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी पहुंची थी.

पुलिस टीम ने पहले सिराथू से वारंटी आकाश उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद कांस्टेबल युसूफ खान, जगदेव प्रसाद वर्मा और अजय चौधरी शिवम केसरवानी की तलाश में कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव पहुंचे. पुलिस टीम गांव में शिवम की तलाश कर रही थी. तभी शिवम के परिजनों, रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए लोगों को इकट्ठा कर लिया.
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के बीच यह अफवाह फैला दी गई कि गांव में चोर घुस आए है. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के कांस्टेबल जगदेव प्रसाद वर्मा घायल हो गए. अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय केसरवानी, संदीप मिश्रा, शिवराज, दुर्गा प्रसाद और शिव बाबू सरोज के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, फरार वारंटी शिवम केसरवानी की तलाश भी जारी है.







