
रायपुर, छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. अर्नब और मुरासु के बाद चक्रवाती तूफान अकवान का तूफानी असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है. राज्य में बढ़ते ठंड के साथ-साथ बारिश भी दर्ज की जा रही है. गुरुवार की रात से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश हो रही है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. इनमें जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिले शामिल हैं. विभाग के अनुसार एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है.
बता दें, देश में अर्नब और मुरासु के बाद चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर अलग-अलग इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. आज यानी कि 20 नवंबर को यह तूफान ओडिशा तट से टकराया ,वहीं, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश और ऊंची समुद्री लहरों का खतरा शुरु हो गया है.साथ ही पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी तेज बारिश हो रही है. खतरे को देखते हुए आंध्र में आपदा प्रबंधन की टीमें मोर्चे पर लगा दी गई हैं और ओडिशा में दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है. वहीं तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी समेत दक्षिण के दूसरे राज्यों में भी इसका प्रभाव नजर आने लगा है.
वहीं, मध्यप्रदेश में भी आज से अकवान तूफान का असर भी प्रदेश में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. शहडोल-डिंडोरी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां 4 इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.






