
नईदिल्ली, बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ गंभीर रूप ले चुका है। इस चक्रवात के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। हालात ये हैं कि कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, जबकि कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। आंध्र प्रदेश में चक्रवात के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है। करीब 89 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि कई ट्रेनें रद्द और स्कूल बंद किए गए हैं। केंद्र सरकार ने तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों को अलर्ट रहने और बिजली-पानी जैसी जरूरी सेवाएं जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
आंध्र प्रदेश में 5 लोगों की मौत, तेज हवाओं में उड़ गए कई घर
तूफान अर्नब अपडेट लाइव: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब कहर बनकर टूट पड़ा है. इस कारण आंध्रे प्रदेश में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से जुड़े हादसों में कम से कम 5 लोगों की मौत की खबर है. इन तूफानी हवाओं की वजह से कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने भी जानकारी आई है.एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेन्द्र सिंह बुंदेला ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्र सरकार के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा की आपदा राहत एवं बचाव टीमें बारिश से उत्पन्न होने वाली स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही हैं। दोनों राज्यों और आसपास के इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश में धान के खेत जलमग्न, 167 गांवों में बाढ़ का अलर्ट
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भारी बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया है. तेज हवाओं और बारिश से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने जिले के 167 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब तो कहर बनकर टूट पड़ा है. यह तूफान मंगलवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया. इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. तूफान के असर से विशाखापट्टनम, अनकापल्ली, काकीनाड़ा और कोनसीमा में तेज बारिश हो रही है. निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. तूफान का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा है. इसके चलते करीब 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा तथा विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से जुड़ी 21 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. लोगों को राहत देने और सुरक्षित रखने के लिए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में करीब 4,000 साइक्लोन शेल्टर तैयार किए गए हैं. चक्रवाती तूफान अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिला है. यहां 5 लोगों की मौत हो गई है और 50 मकान क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं.
इस बीच आंध्र के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बातकर राज्य में चक्रवात के प्रभाव और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने नुकसान का आकलन करने के लिए जल्द से जल्द केंद्रीय टीमों को राज्य भेजने और राहत, पुनर्वास व बहाली के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता देने का अनुरोध किया.
ओडिशा में भारी बारिश को देखते हुए 16 जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं. राज्य में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात का असर केवल तटीय राज्यों तक सीमित नहीं रहेगा. तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
चक्रवात को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय अलर्ट, आंध्र-ओडिशा में उड़ानें प्रभावित
चक्रवाती तूफान अर्नब के 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमानन सुरक्षा और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की है. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. तूफान के कारण विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और राजमुंदरी एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित हुई हैं. भुवनेश्वर में भी उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका है. तूफान की दिशा के आधार पर हैदराबाद, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में भी उड़ानों में देरी हो सकती है.
चक्रवात के खतरे को देखते हुए एयर इंडिया ने दिल्ली-विशाखापत्तनम और दिल्ली-विजयवाड़ा रूट की उड़ानों सहित कुल छह उड़ानें रद्द की हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी 13 उड़ानें रद्द की हैं, जबकि इंडिगो ने विशाखापत्तनम में सभी उड़ानों का संचालन निलंबित कर दिया है. अकासा एयर ने 28 अक्टूबर की दिल्ली-भोगापुरम और वापसी की उड़ान रद्द की है. वहीं, एलायंस एयर का संचालन सामान्य बताया गया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने AAI, DGCA, BCAS, मौसम विभाग, एयरलाइंस, एयरपोर्ट ऑपरेटरों और NDRF समेत संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट जाने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें.
चक्रवात अर्नब को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीनी हालात का जायजा लिया. अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘साइक्लोन अर्नब के बाद बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीनी हालात की समीक्षा की. 10 जगहों पर पेड़ गिरने जैसी छोटी-मोटी दिक्कतों को तुरंत ठीक कर दिया गया. ट्रेनों का संचालन सुरक्षित और आसान बनाए रखने के लिए हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है.’चक्रवात अर्नब को लेकर देशभर में कई जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है. राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की कई टीमें तैनात की गई हैं. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक अर्नब तूफान से 180 घरों, 70,900 हेक्टेयर धान की फसलों और 10,450 हेक्टेयर बागवानी फसलों को नुकसान हुआ है, जबकि 220 से ज्यादा पेड़ सड़कों पर गिर गए.






